दातागंज/म्याऊं (बदायूं)। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर सोमवार सुबह कार सवार बदमाशों ने लिफ्ट देकर कपड़ा व्यापारी से एक लाख रुपये लूट लिए। बदमाशों ने व्यापारी को उसावां में लिफ्ट देकर कार में बैठाया था। फिर उसे अलापुर थाना क्षेत्र में लाकर गौंतरा मोड़ के पास डाल दिया। उसके साथ मारपीट की और लूटपाट करके भाग गए। इसकी सूचना पर पुलिस विभाग में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पुलिस अधिकारी पहुंच गए लेकिन बदमाशों का कुछ पता नहीं चला सका।
कपड़ा व्यापारी अजय गुप्ता पुत्र ठाकुरदास गुप्ता उसावां में वार्ड नंबर नौ निवासी हैं। कस्बे में उनकी कपड़े की दुकान है। प्रत्येक सप्ताह वह बरेली से कपड़ा लेने जाते हैं। सोमवार सुबह करीब छह बजे भी वह कपड़ा खरीदने के लिए घर से निकले थे। उनकी जेब में एक लाख रुपये थे। अजय गुप्ता वाहन के इंतजार में उसावां में मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर खड़े थे। व्यापारी के मुताबिक उसी समय कलान (शाहजहांपुर) की ओर से एक स्विफ्ट डिजायर कार आई। उसमें चार लोग बैठे थे। उन्होंने व्यापारी से पूछा था कि वह बदायूं जा रहे थे। इस पर व्यापारी ने हामी भर दी और बदमाशों ने उन्हें लिफ्ट देकर कार में बैठा लिया। फिर आगे बढ़ने पर मंसा नगला के पास से बदमाशों ने कार गौंतरा की ओर कच्चे रास्ते पर मोड़ दी। वहीं मोड़ पर बदमाशों ने व्यापारी को नीचे उतार लिया और असलहे दिखाकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। फिर उनसे एक लाख 160 रुपये लूट लिए। उसके बाद बदमाश उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। बाद में व्यापारी ने किसी तरह यूपी-100 पुलिस को सूचना दी। जिससे पुलिस मौके पर पहुंच गई।
बाद में दातागंज सीओ सतेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर अलापुर कृष्ण गोपाल शर्मा, म्याऊं चौकी पुलिस और स्वॉट टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने व्यापारी के बताए अनुसार कार की तलाश शुरू कर दी लेकिन देर शाम तक कार का कुछ पता नहीं चला। व्यापारी अलापुर पुलिस को अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।
व्यापारी से लूटपाट के संबंध में तहरीर आ गई है लेकिन ये मामला उसावां थाना क्षेत्र का है। व्यापारी को वहीं से लिफ्ट दी गई थी। फिर भी हमारी टीम भी बदमाशों को तलाश कर रही है।
- रणजीत बहादुर सिंह, चौकी इंचार्ज म्याऊं