बदायूं। बिनावर थाने के गांव रहमा से आठ दिन पहले चोरी हुई लाइसेंसी पिस्टल गांव के पास ही एक खेत में पड़ी मिली। पिस्टल की बरामदगी इस तरह होने के बाद चोरी की घटना पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस भी मान रही है कि शायद खेत पर किसी तरह पिस्टल गिर गई होगी। हालांकि, जांच की बात भी कह रही है।
बिनावर के गांव रहमा के वली मोहम्मद तस्लीम के घर से 24 सितंबर की रात लाइसेंसी पिस्टल, नौ राउंड कारतूस गायब हो गए थे। वली मोहम्मद ने पिस्टल समेत 15 तोला सोने के जेवर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस शुरू से ही चोरी की घटना को संदिग्ध मान रही थी। चूंकि लाइसेंसी पिस्टल चोरी का मामला था। ऐसे में बरामदगी को लेकर भी पुलिस पर दवाब था। बृहस्पतिवार को गांव का नन्हे अपने खेत पर सिंचाई करने गया। वहां उसने पिस्टल पड़ी देखी। इस बारे में तुरंत ही थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे एसओ हरिभान सिंह ने पिस्टल कब्जे में ले ली। खेत से इस तरह पिस्टल बरामदगी के बाद चोरी की घटना की संदिग्धता बढ़ गई है। खुद पुलिस का मानना है कि शायद लाइसेंसधारी से पिस्टल खेत में गिर गई होगी। एसओ हरिभान सिंह राठौर का कहना है कि पिस्टल खेत में पड़ी मिली है। फिर भी पूरे मामले में बारीकी से जांच की जा रही है। हालांकि, वली मोहम्मद तस्लीम अब भी घर में चोरी होने की बात कह रहा है।