बदायूं। बिसौली कोतवाली क्षेत्र में सोते समय मारे गए चंद्रपाल के हत्यारे भी परिचित निकलेंगे। अभी तक तो पुलिस यही संभावना जता रही है। हालांकि अभी उसने किसी का नाम उजागर नहीं किया है, लेकिन उसका उसका मानना है कि किसी परिचित व्यक्ति ने ही गोली मारकर हत्या की और उसके बाद आराम से भाग गए। जल्द ही वह पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
सोमवार रात बिसौली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भानपुर निवासी चंद्रपाल (50) की उस समय किसी ने गोली मारकर हत्या कर दी गई थी जब वह अपने बड़े भाई नारायन के साथ घेर में सो रहे थे। फर्क इतना था कि नारायन झोपड़ी के अंदर और चंद्रपाल झोपड़ी के बाहर चारपाई पर थे। हत्यारे रात करीब साढ़े 11 बजे आए और उन्होंने चंद्रपाल को गले में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस संबंध में परिवार वालों ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। तब से पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। परिवार वालों ने किसी से रंजिश होने से इंकार किया था। इसमें किसी बाहरी व्यक्ति का हाथ बताया था। लेकिन पुलिस के गले परिवार वालों की बात नहीं उतर रही है। पुलिस की माने तो बगैर कारण कोई किसी की हत्या क्यों करेगा। जरूर कोई ऐसी बात थी, जो चंद्रपाल से जुड़ी थी। पुलिस का मानना है कि चंद्रपाल की हत्या किसी परिचित ने ही की है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही इस घटना का खुलासा वह कर सकती है।
चंद्रपाल हत्याकांड की अभी जांच चल रही है। प्रथम दृष्ट्या ऐसा लग रहा है कि हत्यारे बाहर के नहीं है। कुछ सुराग भी लगा है। दो एक दिन में इस हत्याकांड का खुलासा कर देंगे।
पंकज लवानिया, इंस्पेक्टर बिसौली