पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव, बदायूं शहर विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी हाजी रईस और सपा नेता फकरे अहमद शोबी आचार संहिता और कोविड उल्लंघन में फंस गए हैं। यह लोग एक मैरिज लॉन में बिना अनुमति शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के साथ सभा कर रहे थे। अधिकारियों को सूचना मिली कि यहां चुनाव प्रभावित करने के लिहाज से गिफ्ट बांटे जा रहे हैं। मौके पर पहुंचे अफसरों ने मैरिज लॉन सील कर दिया और वीडियोग्राफी कराई। देर रात रिपोर्ट दर्ज की गई।
अलापुर रोड स्थित पूनम मैरिज लॉन शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। शहर सीट से सपा प्रत्याशी हाजी रईस दोपहर में सपा के कुछ बड़े नेताओं के साथ पूनम लॉन में शिक्षामित्रों, अनुदेशकों के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के अलावा वित्तविहीन शिक्षकों के साथ सभा कर रहे थे। इस दौरान यह चर्चा फैली कि लॉन से लोग गिफ्ट लेकर निकल रहे हैं।
सूचना पर तहसीलदार सदर करमवीर सिंह और इंस्पेक्टर सिविल लाइंस आरके तिवारी मौके पर पहुंचे। बाद में एसडीएम सदर एसपी वर्मा और सीओ सिटी आलोक मिश्रा भी आ गए। इस दौरान खलबली मच गई। सभा में मौजूद लोग निकलकर भागने लगे। आरओ के मांगने पर कोई अनुमति पत्र नहीं दिखा सका। मौके पर वीडियोग्राफी कराई गई। प्रथम दृष्टया मामला चुनाव आचार संहिता और कोरोना गाइड लाइन के उल्लंघन का पाया गया। पूनम लॉन को तत्काल सील कर दिया गया।
देर रात एसडीएम सदर एसपी वर्मा की ओर से प्रत्याशी हाजी रईस, सपा के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव, फकरे अहमद शोबी के अलावा शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष रवेंद्र सिंह, शिक्षामित्र संघ व अनुदेश संघ के करीब 34 पदाधिकारियों व करीब छह सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई। सिविल लाइंस थाने में धारा 188, 269, 270, 171 ज, 171 च और महामारी अधिनियम में मामला दर्ज किया गया है।
पहले तहसीलदार ने दी थी तहरीर
देर रात जो मामला दर्ज हुआ उसमें शाम को पहली तहरीर तहसीलदार सदर करमवीर सिंह की ओर से हाजी रईस को नामजद करके और भीड़ के खिलाफ दी गई थी। सूत्रों के मुताबिक कुछ लोगों ने शिकायत की कि पुलिस प्रशासन सपा के बड़े नेताओं को नामजद करने से कतरा रहा है। इसके बाद दूसरी तहरीर एसडीएम सदर की ओर से दी गई। इसमें उन बड़े नेताओं को भी शामिल किया गया जो वीडियो फुटेज में दिखाई दे रहे थे।
सपा प्रत्याशी का वीडियो वायरल
सपा प्रत्याशी हाजी रईस ने इस सभा को संबोधित किया। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसमें वह मुख्यमंत्री को लेकर आपत्तिजनक बयान भी दे रहे हैं। जिस पर बड़े नेता मुस्कुरा रहे हैं। इस बयान को लेकर फिलहाल तहरीर में जिक्र नहीं है।
जन्मदिन पर बदायूं आए थे पूर्व सांसद
पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव का बृहस्पतिवार को जन्मदिन था। वह बदायूं आकर दिन में अपने आवास पर कार्यकर्ताओं से मिले थे। लोगों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। हाजी रईस भी उनके आवास पर शुभकामनाएं देने गए थे। बाद में यह लोग पूनम लॉन आ गए। सोशल मीडिया पर इस तरह की चर्चा फैली की कि पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव के जन्मदिन पर सदर प्रत्याशी गिफ्ट बांट रहे हैं। सपा की ओर से इसका खंडन किया गया पर भाजपा नेताओं ने इस मामले को बखूबी उछाला।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने किया कटाक्ष
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने बयान दिया कि सपा हताश और निराश है। इसीलिए इस तरह लोगों को प्रलोभन देकर चुनाव प्रभावित करना चाहती है। कुछ भी हो, सपा जिले में एक भी सीट नहीं जीतेगी।
शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पूनम मैरिज लॉन में शहर विधानसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी हाजी रईस बिना अनुमति के शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के साथ सभा कर रहे थे। चुनावी गतिविधियों जैसी सभा में राजकीय सेवाओं से जुड़े लोगों का शामिल होना आपत्तिजनक है। मामले में मेरी ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई है। गिफ्ट वितरण जैसी कोई बात फिलहाल सामने नहीं आई है। वीडियो के आधार पर नाम बढ़ाए जाएंगे।-एसपी वर्मा, एसडीएम सदर
यह कार्यक्रम सपा का नहीं था। शिक्षामित्रों व अनुदेशकों ने यह कार्यक्रम किया था। इसी में सपा के प्रत्याशी व हमारी पार्टी के दूसरे नेताओं को बुलाया गया था। गिफ्ट वितरण का कोई मामला नहीं है। अनुमति को लेकर आयोजकों से सवाल किया जाना चाहिए।- प्रभात अग्रवाल, मीडिया प्रभारी सपा