सैदपुर स्वास्थ्य केंद्र में विलाप करते परिवार वाले। संवाद
- फोटो : BADAUN
सैदपुर (बदायूं)। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर रविवार दोपहर दौलतपुर गौटिया के नजदीक पेड़ से टकराकर 25 वर्षीय बाइक सवार विशाल की मौत हो गई। बाइक सवार अपने भाई से चंदौसी में मिलकर लौट रहा था। रास्ते में अचानक सामने आए एक बंदर को बचाने की कोशिश में बाइक पेड़ से टकरा गई। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बाइक सवार विशाल (25) मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव उतरना का निवासी था। उसका एक भाई चंदौसी में रहता है। विशाल शनिवार को बाइक लेकर उससे मिलने चंदौसी गया था। पुलिस के मुताबिक विशाल रविवार दोपहर चंदौसी से अपने गांव लौट रहा था। इस दौरान वह हेलमेट नहीं लगाए था। उसकी बाइक मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर दौलतपुर गौटिया के नजदीक पहुंची कि तभी अचानक सड़क पर एक बंदर आ गया। उसे बचाने की कोशिश में विशाल की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे को देखकर राहगीरों ने तुरंत वजीरगंज थाना पुलिस को सूचना दी। इससे पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत एंबुलेंस से युवक को सैदपुर स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की सूचना पर युवक के परिवार वाले स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। उसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।