बदायूं। शुक्रवार रात बिसौली इलाके में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक बाइक लेकर खेत पर जा रहा था। गांव से निकलकर कुछ दूरी पर ये हादसा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया है।
बिसौली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नागपुर निवासी पप्पू (45) पुत्र देवीराम शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे अपनी बाइक लेकर खेत पर जा रहा था। उस समय वह हेलमेट नहीं लगाए था। परिवार वालों के मुताबिक वह गांव से कुछ दूर पहुंचा था कि उसी समय अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। कुछ देर बाद उधर से गांव के लोग आ रहे थे। उन्होंने सड़क पर पप्पू को खून से लथपथ अवस्था में देखा तो उन्होंने परिवार वालों को सूचना दी। इससे परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। उनकी सूचना पर कोतवाली पुलिस भी आ गई। पुलिस ने मौका मुआयना किया। बाद में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। शनिवार दोपहर उसके शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया। परिजन उसके शव को घर ले गए हैं। अभी टक्कर मारने वाली गाड़ी का पता नहीं चला है।