बदायूं। जरीफनगर में शुक्रवार रात एक सांड़ ने किसान को पटककर मार डाला। जानकारी के अनुसार मध्यरात्रि सांड़ ने पहले किसान के जानवरों पर हमला किया। उन्हें बचाने पहुंचे किसान को देखते ही सांड़ ने उस पर भी हमला बोल दिया ओर पटककर जान ले ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
घटना शुक्रवार रात 12 बजे की है। जरीफनगर थाना क्षेत्र के ग्राम दुर्गपुर निवासी कल्यान सिंह उर्फ कर्रू (45) पुत्र बादशाह अपनी पशुशाला के पास चारपाई डालकर सो रहे थे। उनके परिवार के अन्य लोग घर में सो रहे थे। रात 12 बजे अचानक एक सांड़ आया और पशुशाला में घुस गया। वहां उसने पालतू बैल पर हमला बोल दिया। पशुशाला के बीच की तेज आवाज सुनकर कल्यान की आंख खुली तो वह लाठी लेकर सांड़ भगाने मौके पर जा पहुंचे। उन्होंने सांड़ को भगाने की काफी कोशिश की। इसी बीच सांड़ ने बैल छोड़ उन पर हमला बोल दिया। सींगों पर उठाकर पटक दिया।
चीख-पुकार सुन परिवार के लोग भी मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक सांड़ ने कल्यान को अधमरा कर दिया था। मोहल्ले के लोग भी वहां पहुंचे और किसी तरह सांड़ को मारकर वहां से भगाया गया। इधर, परिजन किसान को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां से उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। रास्ते में उनकी मौत हो गई। परिवार वाले शव को घर ले आए और सुबह पुलिस को इसकी सूचना दी। इस पर जरीफनगर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शनिवार दोपहर किसान के शव का पोस्टमार्टम करा दिया। किसान के तीन बेटे हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
पहले भी हो चुकीं हैं घटनाएं
सांड़ के हमले में किसी की मौत का यह कोई पहला मामला नहीं है। जुलाई 2018 में बिसौली के गांव करनपुर में एक वृद्ध किसान को सांड़ ने पटककर मार डाला था। जनवरी-19 में उसहैत थाना क्षेत्र के ग्राम मुगर्रा में शनिवार को एक सांड़ ने खेत पर रखवाली करने पहुंचे किसान को मार डाला था। इसी साल जुलाई में बिल्सी कोतवाली क्षेत्र के गांव बैरमई बुजुर्ग में एक किसान को खेत पर काम करते समय सांड़ ने सींगों पर उठा लिया और जमीन पर कई बार पटका। इससे उसकी मौत हो गई। एक बालक को भी सीगों पर उठाकर साड़ ने पटक दिया था। दातागंज में भी एक वृद्घ महिला की सांड़ के हमले में मौत हो चुकी है।