बिसौली। लाखों रुपये की हरियाणा ब्रांड की अंग्रेजी शराब से भरा ट्रक सप्ताह भर थाना परिसर में खड़ा रहा। पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। दरअसल, ट्रक में बाहर की ओर चूने की बोरियां थीं। अंदर शराब की पेटियां भरी हुई थीं। शनिवार को बंदरों ने ट्रक का तिरपाल फाड़ दिया। तब इस बारे में पता लगा।
बिसौली में नगर के पुराने अस्पताल के पास एक ट्रक ने मोहल्ला सोमवार बाजार निवासी 25 वर्षीय भूपेंद्र मौर्य को टक्कर मार दी थी। इससे उसकी मौत हो गई थी। हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेने के बाद कोतवाली परिसर में खड़ा कर लिया था। तब से ट्रक यहीं खड़ा है। ट्रक मालिक या अन्य किसी ने भी पुलिस से कोई संपर्क नहीं किया। ट्रक पर ऊपर तिरपाल बंधा था। पीछे की ओर से पुलिस ने देखा तो इसमें चूना की बोरियां भरी थीं। रविवार तड़के बंदर इस ट्रक पर चढ़ गए और तिरपाल फाड़ने के बाद शराब की पेटियों से पौव्वे और बोतलें निकाल कर फेंकने लगे। पुलिस कर्मियों की नजर पड़ी तो वे हैरान रह गए। तिरपाल हटाकर देखा गया तो पता लगा कि ट्रक में लाखों रुपये की शराब भरी है। सभी शराब हरियाणा ब्रांड की अंग्रेजी शराब है। दिन में पुलिस ने तिरपाल को हटाने के बाद ट्रक में भरी पेटियों को निकाला। इनकी गिनती की तो लाखों रुपये कीमत की शराब निकली। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 19.47 लाख रुपये बताई गई है। ट्रक में लाखों रुपये की शराब मिलने के बाद पुलिस ने परिवहन विभाग के जरिये ट्रक मालिक की तलाश शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर पंकज लवानिया ने बताया कि किसी को अंदाजा नहीं था कि ट्रक में लाखों रुपये की शराब भरी होगी। ट्रक मालिक की तलाश की जा रही है।
बंदर न फाड़ते तिरपाल तो जल्द पता भी न लगता
बिसौली। ट्रक सप्ताह भर से कोतवाली परिसर में खड़ा था। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि इसमें लाखों रुपये की शराब भरी होगी। पुलिस ने भी बाहर की ओर से ट्रक को चेक कर लिया था। चूना की बोरियां देखकर बात खत्म कर दी। अगर बंदर ट्रक के तिरपाल को नहीं फाड़ते तो पुलिस को रविवार को भी पता नहीं लगता कि ट्रक में चूने की बोरियां सिर्फ पुलिस को गच्चा देने के लिए भरी गई हैं।