दातागंज। बेटी की शादी कर घर लाई गई बहु से माता-पिता को हजारों उम्मीदें होती हैं। लेकिन दातागंज के एक परिवार में एक ऐसी लुटेरी बहु ने कदम रखे जो सेवा करना तो दूर, घर का सामान ही लूट ले गई। शादी के तीन दिन बाद ही बृहस्पतिवार को एक दुल्हन अपने ससुरालियों को खीर में नशे की दवा देकर घर से नकदी और गहने समेटकर भाग निकली। घंटों बाद परिवार को होश आया तो उन्होंने सारा सामान बखरा पाया। उन्होंने कोतवाली पहुंचकर घटना की तहरीर सौंपी। पुलिस ने शादी कराने वाले बिचौलिये को हिरासत में ले लिया है।
मोहल्ला परा निवासी राम लड़ैते मिश्रा के बेटे प्रवीन मिश्रा की आठ दिसंबर को शादी हुई थी। आठ दिसंबर को शादी के बाद अगले दिन राम लड़ैते बहु को विदा कराकर घर लौटे थे। परिवार छह दिसंबर को बरात लेकर आजमगढ़ के लालगंज पहुंचा गया था। उनके मुताबिक बृहस्पतिवार बहु ने सबके लिए खीर-पूड़ी बनाई थी और सबको साथ ही बैठकर खाने को कहा। खाते-खाते अचानक परिवार के सभी लोग बेहोश हो गए। कई घंटों बाद परिवार के एक व्यक्ति की आंख खुली को उसने दूसरो को उठाया। देखा तो बहु कहीं नजर नहीं आई। कमरों में देखा तो जेवर, नकदी समेत बहु के कपड़े भी गायब मिले। इसके बाद वह प्राथमिक उपचार के बाद सीधा कोतवाली दातागंज पहुंचे। बताया कि बेटे की शादी उनके एक परिचित ड्राइवर टिंकू ने तय कराई थी। शादी के लिए तीन लाख रुपये भी मांग जोकि दहेज में ही लौटा देने की बात कही। बहु के अच्छे व्यवहार से उन्हें धोखाधड़ी का शक भी नहीं हुआ। शिकायत के बाद पुलिस ने बिचौलिए टिंकू को हिरासत में ले लिया है। हालांकि लुटेरी दुल्हन का भी पता नहीं चल सका है। पुलिस टिंकू से पूछताछ कर रही है।
इससे पहले भी हो चुकी घटना
लगभग चार माह पूर्व अंधरऊ गांव में भी ऐसी घटना हो चुकी है जब एक लुटेरी दुल्हन घर से सारा माल जेवर समेटकर फरार हो गई थी। लेकिन बाद में मौके पर ही कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया था। उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया था। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने उसे जेल भेज दिया था।