फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिला अस्पताल और राजकीय मेडिकल कॉलेज में दो कोरोना पॉजिटिव की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
बदायूं। जिले में कोरोना पॉजिटिव के साथ संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। रविवार को जिले में कोरोना से दो और लोगों की मौत हो गई। राजकीय मेडिकल कॉलेज में कासगंज जिले की महिला और जिला अस्पताल में लोटनपुरा के एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। महिला के शव को उसके परिवार वालों को सौंप दिया गया है जबकि लोटनपुरा के व्यक्ति का शव देर रात तक जिला अस्पताल में रखा रहा। वहीं, देर रात आई रिपोर्ट में जिले में 29 कोरोना पॉजिटिव निकले हैं।
विज्ञापन

सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लोटनपुरा निवासी एक व्यक्ति को पिछले तीन दिन से सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। रविवार देर शाम उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गई। इस पर परिवार वाले उन्हें जिला अस्पताल ले गए जहां ट्रूनेट मशीन से उनकी जांच कराई गई। इसमें वह कोरोना पॉजिटिव निकले। परिवार वालों का आरोप है कि उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी लेकिन डॉक्टर ने उन्हें ऑक्सीजन नहीं दी। इससे उनकी मौत हो गई। देर रात तक उनका शव अस्पताल में रखा रहा। इधर, कासगंज जिले की एक महिला रेफर होकर राजकीय मेडिकल कॉलेज आई थी। उसकी भी इलाज के दौरान मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन ने उसका शव सील करवाकर परिवार वालों को सौंप दिया है।
इधर, रविवार रात स्वास्थ्य विभाग के पास 304 सैंपलों की रिपोर्ट आई। इसमें 29 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। इसमें बिसौली इलाके में तीन, म्याऊं में तीन, दातागंज में दो, उझानी में एक प्राइवेट अस्पताल के कर्मचारी समेत तीन, जगत ब्लॉक क्षेत्र में एक, सालारपुर ब्लॉक क्षेत्र में एक, वजीरगंज में दो, किशोरपुर कलां में एक, आर्य समाज हुसैनी गली में दो, जिला परिषद कॉलोनी में एक, पाल नगर में चार, शिवपुरम में एक, प्रोफेसर कॉलोनी में दो, जवाहरपुरी पुलिस चौकी के नजदीक एक, पुराना एआरटीओ ऑफिस के नजदीक एक कोरोना पॉजिटिव निकला है। सभी को आसरा आवास भेजा जा रहा है। तो वहीं रविवार शाम 532 सैंपल जांच को भेजे गए हैं।
विज्ञापन

24 घंटे के लिए कलेक्ट्रेट कार्यालय बंद
रविवार रात आई रिपोर्ट में कलेक्ट्रेट का एक लिपिक कोरोना पॉजिटिव निकला है। इस पर डीएम कुमार प्रशांत के आदेश पर कलेक्ट्रेट को 24 घंटे के लिए बंद रखा गया है। कलेक्ट्रेट को सैनिटाइज कराया जा रहा है। सोमवार को कार्यालय बंद रहेगा। मंगलवार को यहां पूर्व की तरह काम होगा। वहीं, एडीएम प्रशासन ऋतु पूनिया ने कहा है कि कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारी और कर्मचारी घर से जरूरी कार्यों को निपटाएं। वहीं, नगर पालिका के ईओ को निर्देश दिए हैं कि सोमवार को कलक्ट्रेट के सभी कार्यालय सैनिटाइज कराएं।
24 घंटे बंद रहेगा जिला अस्पताल का इमरजेंसी वार्ड
जिला अस्पताल में दम तोड़ने वाला कोरोना पॉजिटिव रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे अस्पताल लाया गया था। उसकी सांस फूल रही थी। सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। उसे कोरोना वार्ड में भर्ती नहीं किया गया। उसे सीधे इमरजेंसी वार्ड में रखा गया। रात करीब साढ़े आठ बजे उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। उसके बाद कोरोना पॉजिटिव की मौत हो गई। इस पर सीएमएस ने 24 घंटे के लिए इमरजेंसी वार्ड बंद रखने को कहा है। वार्ड के सारे मरीज दूसरे वार्ड में भेजे जाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें