इस्लामनगर। जिले के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के नूरपुर पिनौनी निवासी रवि कुमार सिंह और उनकी पत्नी को मंगलवार रात बदमाशों ने लूट लिया। घटना ग्राम कोहरा के पास हुई, जब वे अपनी बाइक से एक शादी समारोह में जा रहे थे। बदमाशों ने चलती बाइक से चाबी निकालकर उन्हें रोका और तमंचा दिखाकर 15 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के कीमती जेवर लूट लिए। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। लेकिन पुलिस ने अभी तक केस नहीं दर्ज किया है।
रवि कुमार सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ सकतपुर गांव में एक शादी में शामिल होने जा रहे थे। रात करीब 10:30 बजे उनके पीछे एक बाइक पर तीन लोग आ रहे थे। बदमाशों ने अचानक उनकी चलती बाइक से चाबी निकाल ली, जिससे उनकी बाइक बंद हो गई।
ग्राम कोहरा के पास मसानी पर उन्हें जबरन रोक लिया गया। बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उन्हें और उनकी पत्नी को डराया। इस अचानक हमले से रवि कुमार सिंह और उनका परिवार घबरा गया। बदमाशों ने तमंचे के बल पर लूट को अंजाम दिया। पीड़ित का आरोप है कि बदमाशों ने पत्नी के सभी आभूषण लूट लिए। इनमें एक सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी और कानों के कुंडल शामिल थे। इसके अतिरिक्त, पैरों की पायल भी छीन ली गई। 15000 रुपये नकद भी लूटे गए। उन्होंने पुलिस चौकी प्रभारी नूरपुर पिनौती को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले की जानकारी हुई है। इस्लामनगर पुलिस के स्तर से जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उस आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। - केके तिवारी, सीओ बिल्सी