उझानी में घायल मनवीर और पुष्पेंद्र। संवाद
उझानी। रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में जाने के लिए बेटे के साथ बाइक से निकले दंपती को पशुओं के झुंड ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दंपती समेत उनका बेटा घायल हो गया।
हादसा रविवार सुबह करीब छह बजे बुर्रा फरीदपुर रोड पर गांव नरऊ के पास हुआ। कादरचौक निवासी सूरजपाल (42), उनकी पत्नी जानकी देवी (40) अपने आठ वर्षीय बेटे सनी के साथ कौल्हाई जा रहीं थीं। कौल्हाई में उनके रिश्तेदार की मृत्यु हो गई थी। रास्ते में अचानक की एक खेत से निकले पशुओं के झुंड से बचने की कोशिश में सूरजपाल बाइक पर नियंत्रण खो बैठे। वह पशुओं के झुंड में बाइक समेत गिर पड़े। हादसे में घायल सूरजपाल, उनकी पत्नी और बेटे का उपचार जारी है।
इसके अलावा बसोमा मोड़ के पास इको कार ने साइकिल सवार कोतवाली क्षेत्र के गांव निजामपुर निवासी पुष्पेंद्र (24) पुत्र बदन सिंह और कादरचौक के गांव गनेई नगला निवासी मनवीर (30) पुत्र रामऔतार को रौंद दिया। टक्कर लगने से साइकिल सवार दोनों राहगीर घायल हो गए। दोनों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार भी कराया गया है। हादसे के बाद चालक कार बदायूं की ओर भगा ले गया।