बिल्सी। मोहल्ला संख्या तीन में शुक्रवार की सुबह युवती ने फंदे से लटककर जान दे दी थी। आरोप है कि शादी टूटने के बाद से पड़ोसी युवक उसे परेशान कर रहा था। इस मामले में पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। रविवार को पुलिस ने युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने वाले युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
यहां बता दें कि नगर के मोहल्ला संख्या तीन निवासी दिलशाद मलिक ने बेटी नेहा की शादी थाना क्षेत्र के गांव धनौली निवासी एक युवक से तय की थी। 24 दिसंबर को वर पक्ष के लोग रस्म अदायगी के लिए उनके घर आए थे। इसी दौरान मोहल्ले के ही जुनैद कुरैशी पुत्र नूर और उसके परिवार के लोगों ने वर पक्ष के घरवालों से यह कह दिया कि नेहा का जुनैद से संबंध है।
इसी बात पर लड़के वालों ने रिश्ता तोड़ दिया था। इसके बाद से नेहा अवसाद में रहने लगी थी। शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े तीन बजे नेहा अपने कमरे में पंखे में टुपट्टा का फंदा बनाकर लटक गई थी। युवती के शव के पास से पुलिस को सुसाइड नोट भी मिला था। युवती को कैसे जुनैद कुरैशी परिवार के साथ मिलकर परेशान कर रहा था, वह सबकुछ लिखा था।
पुलिस ने मृतका के पिता दिलशाद मलिक की तहरीर पर जुनैद कुरैशी और उसके परिवार के पांच लोग के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली थी।
कोतवाल आरएस पुंडीर ने बताया कि रविवार की दोपहर थाना पुलिस ने आरोपी जुनैद को नगर के सिरासौल अड्डे के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसे जेल भेज दिया है। पुलिस बाकी आरोपी की तलाश में जुटी है।