बदायूं। परिषदीय स्कूलों के बच्चे भी कैरम व शतरंज सहित विभिन्न खेलों में निपुण होंगे। खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों को अब प्राथमिक स्तर से गति दी जाएगी। इसके तहत जुलाई महीने में जनपद के 2155 परिषदीय विद्यालयों को एक करोड़ 39 लाख रुपये स्पोर्ट्स ग्रांट के तहत मिलेंगे।
जनपद में 1520 प्राथमिक स्कूलों को करीब 63 लाख रुपये, वहीं 635 उच्च प्राथमिक स्कूलों को 76 लाख रुपये स्पोर्ट्स ग्रांट के तहत आवंटित किए जाएंगे। इनमें प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय को पांच हजार व प्रत्येक उच्च प्राथमिक विद्यालय को 10 हजार रुपये दिए जाएंगे।
अब प्राइमरी स्कूलों के विद्यार्थी भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शामिल होंगे। इससे पहले बच्चों को अंतर विद्यालय स्तर की प्रतियोगिताओं में जीतना होगा। इसके बाद उन्हें समय के अनुसार जनपद, मंडल व राज्य स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कराया जाएगा।
बीएसए वीरेंद्र कुमार ने बताया कि शिक्षा के साथ ही खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। प्राइमरी स्कूलों में अब इनडोर गेम्स को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके तहत उपकरण खरीदने के लिए स्कूलों को जुलाई महीने में स्पोर्ट्स ग्रांट मिलेगी। कहा कि शतरंज खेलने से बच्चों का दिमाग तेज होता है। उनमें रणनीतिक समझ भी विकसित होती है।