सहसवान (बदायूं)। सहसवान में कोरोना पॉजिटिव निकले महाराष्ट्र के जमाती रविवार को प्राइवेट वाहन से वापस भेज दिए गए। सभी छह जमाती नगर के पन्नालाल इंटर कॉलेज में ठहरे थे। इनमें से दो जमाती कोरोना पॉजिटिव निकले थे, जो कि अब बिल्कुल ठीक हो चुके हैं। इससे उन्हें जिला प्रशासन ने वापस महाराष्ट्र भेज दिया है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश के पांच पुरुष और तेलंगाना की पांच महिलाओं को भी घर भेजा गया है।
महाराष्ट्र के बडाला निवासी छह जमाती एक अप्रैल को सहसवान की मक्का मस्जिद में मिले थे। उस समय जिले में तब्लीगी जमातियों की खोजबीन चल रही थी। इससे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने क्षेत्र की मस्जिदों और मदरसों में छापामारा था। इस दौरान मक्का मस्जिद में महाराष्ट्र के छह जमाती, मदरसा फैजेआम में बुलंदशहर के पंद्रह लोग, भवानीपुर खल्ली में तेलंगाना की पांच महिलाएं और आंध्र प्रदेश के चित्तूर निवासी पांच पुरुष मिले थे। दो अप्रैल को इनके सैंपल भेजे गए थे। छह अप्रैल को महाराष्ट्र का पहला कोरोना संक्रमित निकला था। 10 अप्रैल को आंध्र प्रदेश का व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव निकला। जबकि पंद्रह अप्रैल को बडाला का दूसरा युवक संक्रमित पाया गया। इससे इलाके में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या सात हो गई थी। इन पॉजिटिव मरीजों का बरेली में इलाज चला। करीब 14 दिन तक बरेली में भर्ती रहे। तब उन्हें सहसवान लाया गया। तब से सभी पन्नालाल इंटर कॉलेज में थे। रविवार को महाराष्ट्र के छह जमातियों को एक प्राइवेट वाहन में बैठाकर वापस उनके घर भेज दिया गया। उन्हें घर भेजने की व्यवस्था एसडीएम लाल बहादुर, इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह, शेल्टर होम प्रभारी कमर जमशेद, मोहम्मद इशाहक आदि ने की।