बदायूं। कोरोना को लेकर रविवार को जनता कर्फ्यू के बाद रात में अफवाहों का दौर शुरू हो गया, जो सोमवार को दिन में भी जारी रहा। रविवार रात अफवाहों के चलते लोग रात भर जागते रहे। कई इलाकों में अफवाह फैली कि रात भर जागते रहें, सो जाने पर पत्थर के हो जाएंगे। ऐसे में लोग रात भर जागते रहे। कुछ इलाकों में अनहोनी से बचने के लिए घर के बाहर हल्दी की थापें लगाने की अफवाह फैली तो लोगों ने दरवाजों पर थाप लगानी शुरू कर दी। पूरे दिन यह क्रम चलता रहा।
दबतोरी । क्षेत्र के कई गांवों में अफवाह फैल गई कि रात में सोते वक्त एक परिवार के लोग पत्थर के बन गए। देखते देखते यह अफवाह तमाम गांवों में फैल गई। भयभीत लोग रात भर जागते रहे। ललुआनगला, दबतोरी, दबतोरा, बीधानगला, जलालपुर आदि गांवों में सोमवार को भी लोग दहशत में रहे।
उसावां। लोगों के मोबाइल पर रविवार रात मैसेज आया कि अनर्थ से बचने के लिए अपने घरों के बाहर सुबह तड़के हल्दी की थाप लगा दें। सुबह चार बजे से ही महिलाएं अपने घरों पर हल्दी की थापें लगाने के बाद घंटा और थालियां बचाने लगीं। कुछ गांवों में रात भर जागने की अफवाह पर लोग जागते रहे। एसओ प्रयागराज सिंह ने कहा कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें। भीड़-भाड़ से दूर रहें। जहां तक संभव हो घरों से न निकलें।
इस्लामनगर। अफवाहों के चक्कर में फंसकर कस्बे से लेकर देहात तक लोग रात भर जागते रहे। कई गांवों में घर के बाहर दीपक जलाने, हल्दी की थापें लगाने की अफवाहें भी रहीं। रात में लोगों ने जागने के साथ थालियां भी बजाईं। इंस्पेक्टर जसवीर सिंह ने गांवों और कस्बे में घूमकर लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
उघैती। यहां भी रविवार रात और सोमवार को दिन भर अफवाहों का दौर चला। कस्बा समेत गांवों में लोग रविवार रात भर जागते रहे। सुबह को घरों के बाहर हल्दी की थापें लगाईं। कई गांवों में महिलाओं ने घरों के बाहर दीपक जलाए। इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार ने कहा कि अफवाह फैलाने वालों की पहचान की जा रही है।
वजीरगंज। क्षेत्र में भी अफवाह फैलने पर कई घरों में हल्दी की थाप लगा दी गईं। देहात क्षेत्रों में यह अफवाहें शाम तक तैरती रहीं।