बदायूं। कोरोना संक्रमण से शुक्रवार रात से लेकर शनिवार शाम तक एक डॉक्टर और सफाई कर्मचारी समेत नौ लोगों की मौत हो गई।
डॉ. प्रमोद कुमार दहगवां ब्लॉक क्षेत्र के रसूलपुर उप स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात थे। 15 अप्रैल को उनकी तबीयत खराब हुई थी। वह कई दिनों तक राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती रहे, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं आया। इससे उन्हें लखनऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां शुक्रवार रात करीब साढ़े बजे उनकी मौत हो गई। रात में ही शव को उनके आवास बबराला लाया गया। शनिवार सुबह राजघाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इधर, सैदपुर के स्वास्थ्य केंद्र में तैनात सफाई कर्मचारी प्रेम कुमार वाल्मीकि का कोरोना संक्रमित होने पर बरेली के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। उन्होंने शनिवार सुबह दम तोड़ दिया। इसके अलावा सैदपुर कस्बे में दो और लोगों की मौत हुई हैं। कस्बे के कुरैशिया मोहल्ला निवासी बानो बेगम (62) और पूर्वी मोहल्ला निवासी कल्लू खां (75) की मौत हुई है। दोनों को सांस लेने में दिक्कत थी। उनका ऑक्सीजन स्तर काफी गिर गया था। उधर, राजकीय मेडिकल कॉलेज में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हुई है। कॉलेज प्रशासन ने मृतकों के शव परिजन को सौंप दिए हैं।