बदायूं। जिले में बृहस्पतिवार को भी कोरोना के 37 नए संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही 26 संक्रमित स्वस्थ भी हुए हैं। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या अब 392 हो गई है। इनमें 387 लोग होम क्वारंटीन हैं। दो लोगों का एल-टू अस्पताल और तीन लोगों का दूसरे जिलों के अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने बुधवार को जिले में अलग-अलग स्थानों से 2252 लोगों के सैंपल लिए थे। इनकी जांच रिपोर्ट बृहस्पतिवार को आ गई। इनमें कुल 37 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। कोरोना संक्रमण की रफ्तार अब धीरे-धीरे कम हो रही है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों की बात करें तो अब जिले में टेस्ट पॉजिटिविटी रेट 1.79 के करीब आ गया है। पिछले दिनों कोरोना संक्रमण की रफ्तार काफी ज्यादा थी। प्रतिदिन मिलने वाले रोगियों की संख्या दो सौ के पार हो गई थी। ऐसे में जिले में सक्रिय संक्रमितों की संख्या एक हजार के पार हो गई। अब संक्रमण की रफ्तार कम होने और स्वस्थ होने वालों की संख्या में इजाफा होने के साथ सक्रिय संक्रमितों की संख्या कई दिनों से पांच सौ के नीचे बनी हुई है।
ट्रेसिंग एंड कांट्रैक्टर ऑफिसर कोविड- 19 डॉ. रजनीश शर्मा ने बताया कि नए मिले संक्रमितों के संपर्क में आने वाले 90 लोगों को ट्रेस किया गया है। बृहस्पतिवार को शहर और उसावां में आठ-आठ, दातागंज में पांच, जगत में तीन रोगी मिले हैं। इसके अलावा तीन रोगी दूसरे जिलों के हैं। संक्रमण की रफ्तार फिर से बढ़ने का खतरा भी बना हुआ है। संवाद