बदायूं। कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम होने और स्वस्थ होने वालों की संख्या में इजाफा होने के बीच अब जिले में सक्रिय संक्रमितों की संख्या एक हजार से नीचे 607 पर आ गई है। चार संक्रमितों का दूसरे जिलों और दो का एल-टू अस्पताल में इलाज चल रहा है। 599 संक्रमित होम क्वारंटीन हैं।
शुक्रवार को जिले में 48 नए संक्रमित मिले थे। शनिवार को 63 नए संक्रमित मिले हैं। इनमें बदायूं रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर और राजकीय मेडिकल कॉलेज की महिला डॉक्टर शामिल हैं। शनिवार को 161 संक्रमित स्वस्थ हुए हैं। शनिवार को बदायूं और उसावां में 12-12, समरेर में छह, वजीरगंज-बिसौली में पांच-पांच, अंबियापुर, उझानी, आसफपुर और सहसवान में तीन-तीन संक्रमित मिले हैं। सात ऐसे संक्रमित हैं जो दूसरे जिलों के हैं। उनका शुक्रवार को बदायूं में सैंपल लिया गया था। संक्रमण की रफ्तार कम होने और स्वस्थ होने वालों की संख्या में इजाफा होने से सक्रिय संक्रमितों का आंकड़ा लगातार नीचे आ रहा है। शनिवार को मिले कुल 63 संक्रमितों के संपर्क में आने वाले 176 लोगों को ट्रेस कर इनके सैंपल लिए गए हैं।
हालांकि, संक्रमण के नए मामलों में शहर से ज्यादा संक्रमित गांव-देहात में निकल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि संक्रमण की रफ्तार भले कम हो रही हो लेकिन, तीसरी लहर अभी जारी है। खतरा कम नहीं हुआ है। पिछले दिनों लगातार मौसम खराब रहने के कारण जरूरी होने पर ही लोग घरों से निकले थे। बाजारों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों पर भीड़-भाड़ कम होने से संक्रमण भी कम फैला, लेकिन अब फिर से मौसम साफ होने से संक्रमण बढ़ने का खतरा पैदा हो गया है। आने वाले दिनों में संक्रमितों की संख्या में इजाफा होने से इनकार नहीं किया जा सकता।
-
शनिवार को जिले में 63 नए संक्रमित मिले हैं। 161 संक्रमित स्वस्थ हुए हैं। अब सक्रिय संक्रमितों की संख्या एक हजार से नीचे आ गई है। संक्रमण की रफ्तार कम हुई है, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है।
-डॉ. रजनीश शर्मा, कांट्रैक्ट एंड ट्रेसिंग ऑफिसर कोविड-19