बदायूं। जिले में कोरोना संक्रमण से एक और व्यक्ति की मौत हो गई। गांधी ग्राउंड निवासी एक व्यक्ति पिछले कुछ दिन पहले कोरोना पॉजिटिव निकला था। जिस पर उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार नहीं हुआ तो उसे श्री राममूर्ति स्मारक मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। जहां रविवार रात उसकी मौत हो गई।
सोमवार रात स्वास्थ्य विभाग के पास 831 सैंपलों की रिपोर्ट आई। इसमें 817 सैंपल निगेटिव पाए गए। जबकि 14 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक सोमवार को भी स्वास्थ्य विभाग की टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में रवाना हुईं थीं। टीमों ने लोगों के सैंपल लेकर जांच की। इस दौरान उझानी कस्बे के मोहल्ला गौतमपुरी में एक परिवार के पांच लोग कोरोना पॉजिटिव निकले। जबकि एक व्यक्ति अन्य संक्रमित पाया गया है। इनके अलावा कादरचौक इलाके में एक, बिसौली में एक, कासगंज और मथुरा जिले का एक-एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला है। तो वहीं शहर के टिकटगंज मोहल्ले में एक व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। दो अन्य लोग भी संक्रमित मिले हैं। सभी को आसरा आवास भेजने की तैयारी चल रही है। सोमवार को जिले से 1345 सैंपल लेकर जांच को भेजे गए हैं।