बदायूं। शुक्रवार रात आई रिपोर्ट में 22 कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। इनमें अकेले 14 लोग अलापुर कस्बे के दो परिवार के हैं। बाकी शहर के पांच लोग और कादरचौक इलाके के तीन लोग हैं। स्वास्थ्य विभाग ने रिपोर्ट के आधार पर सभी को आसरा आवास भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।
शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने जिले के अलग-अलग स्थानों पर जाकर रैपिड एंटीजन टेस्ट किट से लोगों की जांच की। एक टीम शहर के मोहल्ला इमली चौक पहुंची। यहां गुरुवार को नगर पालिका के दो कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव निकले थे। इससे उनके संपर्क में आने वालों की जांच कराई गई। हालांकि इस मोहल्ले में कोई पॉजिटिव नहीं निकला है लेकिन शहर के प्रेम नगर, पाल नगर में दो युवती और एक युवक पॉजिटिव पाया गया है। तो वहीं मोहल्ला आदर्श नगर में एक व्यक्ति और महिला पॉजिटिव पाई गई। इधर, एक टीम अलापुर के कस्बा वार्ड नंबर नौ पहुंची। यहां दो परिवार के 14 लोग पॉजिटिव मिले हैं। उनमें पति, पत्नी, बेटा, बेटी संक्रमित मिले हैं। बताते हैं कि इस मोहल्ले में कुछ दिन पहले एक कोरोना पॉजिटिव महिला की मौत हो गई थी। ये सभी लोग उसके ही संपर्क में आए थे। इनके अलावा कादरचौक ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम गंज में एक महिला और निधानपुरा में दो युवक संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग सभी पॉजिटिवों को आसरा आवास भेजने में लगा है।
शुक्रवार को जिले से भेजे गए 1133 सैंपल
शुक्रवार को सैंपल कलेक्शन का रिकॉर्ड रहा। शहर, अलापुर और जिले के अलग-अलग स्थानों पर पहुंची टीमों ने 1133 सैंपल लिए। शाम तक चली सैंपलिंग कार्रवाई के बाद जांच को भेज दिए गए। फिलहाल शुक्रवार को आरटीपीसी की रिपोर्ट नहीं आई है।
सरकारी दफ्तारों में सेंध लगा चुका है कोरोना, स्वास्थ्य विभाग छिपा रहा
बदायूं जिले में कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार फैलता जा रहा है। अब इसकी रिपोर्ट सार्वजनिक करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एक नया खेल शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी सिर्फ वहीं रिपोर्ट सार्वजनिक कर रहे हैं, जिसमें आम लोग कोरोना पॉजिटिव निकल रहे हैं। सरकारी कर्मचारी या दफ्तरों में कोरोना पॉजिटिव निकलने की रिपोर्ट छिपाई जा रही है। गुरुवार को जिले में दो ट्रेनी सिपाही समेत 20 कोरोना पॉजिटिव निकले थे। स्वास्थ्य विभाग ने सिपाहियों की रिपोर्ट भी सार्वजनिक नहीं की थी। जबकि गुरुवार को दोनों सिपाहियों के अलावा सदर कोतवाली में एक अन्य सिपाही पॉजिटिव निकला था। इसके अलावा जिला कारागार में एक कर्मचारी पॉजिटिव निकला था। एक कर्मचारी डूडा ऑफिस, एक कर्मचारी विजिलेंस ऑफिस, एक कर्मचारी मलेरिया ऑफिस में पॉजिटिव निकला। वजीरगंज में एक चिकित्सक पॉजिटिव पाया। वहीं शहर के कल्यान नगर में दो बेटे और मां, नाहर खां सराय में एक छात्र नेता पॉजिटिव निकला है। गुरुवार को सिर्फ इनकी संख्या सार्वजनिक की गई। बाकी इनके ऑफिस, स्थान, मोहल्ले सबकुछ छिपाये गए। इस संबंध में जानकारी लेने के लिए सीएमओ को दो बार की, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।