उझानी (बदायूं)। प्राइवेट लैब की जांच में कोरोना संक्रमित पाए गए कोतवाली क्षेत्र के गांव सिरसौली निवासी युवक के संपर्क में आए लोगों की संख्या बढ़कर 97 हो गई है। दूसरे दिन शुक्रवार को भी 50 से अधिक लोगों का ब्लड सैंपल लेकर कोरोना की जांच को भेज दिया गया। इसी के साथ किलाखेड़ा मोहल्ले में पूरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सर्वे किया। सर्वे में चिह्नित लोगों के शनिवार को सैंपल लिए जाएंगे।
किलाखेड़ा मोहल्ले में सर्वे के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम शुक्रवार प्रात: पहुंची। मोहल्ले के ही निवासी एक स्वास्थ्य कर्मी की बहन तीन दिन पहले कोरोना संक्रमित निकली थी। दिल्ली से बेटी के साथ मायके लौटी इस महिला के परिजनों का पहले ही सैंपल लिया जा चुका है। उसके संपर्क में मोहल्ले के और कौन लोग आए हैं, उन्हें सर्वे के दौरान चिह्नित कर लिया गया है। इन लोगों के ब्लड सैंपल शनिवार को लिए जाएंगे। गांव सिरसौली में चार दिन पहले प्राइवेट लैब की जांच में जो युवक संक्रमित पाया गया, उसके संपर्क में आए लोगों की फेहरिस्त काफी लंबी है। बृहस्पतिवार को 43 लोगों का ब्लड सैंपल कराया गया। शुक्रवार को 54 और लोगों के सैंपल लिए गए। संक्रमित युवक के संपर्क में आने वालों की संख्या बढ़कर 97 हो गई है। चिकित्साधिकारी डॉ. सुयश दीक्षित ने बताया कि कोरोना की जांच को जिन लोगों के सैंपल लिए गए, फिलहाल उन्हें होम क्वारंटीन कर दिया गया है।