बदायूं। पिछले 36 घंटों में अब तक जिले में बिजली का करंट लगने से पांच लोगों की मौत हो चुकी है। गुरुवार सुबह अलापुर में देवर-भाभी और रुदायन में एक सफाई कर्मचारी की जान चली गई। अभी इनकी चिताएं ठंडी नहीं हुईं थीं कि बिल्सी और उघैती में एक टेंट मालिक समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने एक व्यक्ति के शव का पोस्टमार्टम करा दिया है।
उघैती। थाना क्षेत्र के ग्राम सोरहा निवासी महीपाल सागर (34) पुत्र सामंती खेतीबाड़ी के साथ-साथ टेंट की दुकान भी चलाते थे। बताते हैं कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अपने घर के बाहर पड़े टेंट के सामान को अंदर रख रहे थे। एक लोहे का पाइप विद्युत लाइन से स्पर्श हो रहा था, जिससे उसमें करंट आ रहा था। इसके बारे में महीपाल को जानकारी नहीं थी। जैसे ही उन्होंने लोहे का पाइप उठाया कि बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। परिवार वाले उन्हें इस्लामनगर के प्राइवेट हॉस्पिटल ले गए, जहां से उन्हें चंदौसी रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। महीपाल चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसके दो बेटे और दो बेटियां हैं। उसकी पत्नी सोमवती और परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बिल्सी। थाना क्षेत्र के ग्राम अहमद नगर असौली निवासी चुन्नीलाल (50) पुत्र बलधारी सिंह गुरुवार शाम अपने पड़ोसी के घर फावड़ा लेने गए थे। वहां पहले से एक तार में करंट आ रहा था। किसी तरह वह तार चुन्नीलाल को स्पर्श हो गया। जिससे चुन्नीलाल वहीं गश खाकर गिर गए। पड़ोसी के परिवार वालों ने जैसे-तैसे उन्हें तार से अलग किया। उनकी सूचना पर परिवार वाले पहुंच गए और चुन्नीलाल को जिला अस्पताल ले गए, जहां चुन्नीलाल की कुछ देर बाद मौत हो गई। इसकी सूचना पर जिला अस्पताल पहुंची पुलिस ने शुक्रवार को चुन्नीलाल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया।