बदायूं। मंगलवार को डीएम के आदेश पर बाहर से आए लोगों के नाम सार्वजनिक कर दिए गए। साथ ही जनपदवासियों को यह चेतावनी दी गई है कि कोरोना वायरस खत्म होने तक बाहर से आए इन लोगों से दूरी बनाएं और सावधान रहें। जिससे नए लोगों को संक्रमित होने से बच सकें। वहीं प्रशासन ने उन सभी के घरों के बाहर प्रवेश वर्जित का नोटिस चस्पा कर दिया है।
जिला प्रशासन के मुताबिक एक जनवरी से लेकर अब तक 49 लोग विदेश लौट चुके हैं। इनमें सहसवान के अब्दुल वहार और मोहम्मद अशद चीन के वुहान से लौटे थे, जहां से कोरोना वायरस की शुरुआत हुई थी। जिस समय ये लोग वुहान से लौटे थे। तब वुहान में संक्रमण तेजी से फैल रहा था। लगातार लोग इसकी चपेट में आ रहे थे। इनके अलावा मलयेशिया से बिनावर के गुरुपुरी चंदन निवासी लालू प्रसाद, इस्लामनगर के भगीपुर निवासी अरविंद कुमार, पेरिस से शहर के जवाहपुरी निवासी शीतल पटेल, बैंकाक से ककराला निवासी रुबा जावेद, रजा खानसा, दुराना खानम, तनवीर फहद, आलम अमीर, साउथ कोरिया से शहर के पटेल नगर निवासी अनंत पटेल और देशों से लौटे हैं। मंगलवार को डीएम के आदेश पर सभी के नाम सार्वजनिक कर दिया गया। इस पर डीएम ने कहा कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए ये बहुत जरूरी है कि इन लोगों से फिलहाल दूरी बनायें। लोग सतर्क रहें और सावधान रहें। साथ ही सभी के घरों के बाहर नोटिस भी चस्पा कर दिए हैं।