बदायूं। जिले में अब तक विदेश से लौटने वालों को कोरोना वायरस का संदिग्ध मरीज माना जा रहा था, लेकिन अब एक से दूसरे प्रांत की यात्रा करने वाले शक के दायरे में आ गए हैं। रविवार को बरेली की महिला अधिवक्ता समेत तीन लोगों को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया। इनमें महिला अधिवक्ता समेत दो लोग दिल्ली और एक बिहार से लौटा है।
महिला अधिवक्ता बरेली शहर की रहने वाली हैं। बताते हैं कि अधिवक्ता एक दिन पहले दिल्ली से लौटले नी बदायूं शहर के मोहल्ला जवाहरपुरी में अपने एक रिश्तेदार के घर रुक गईं। उनको शनिवार से सर्दी, जुकाम और बुखार था। रविवार सुबह रिश्तेदार महिला अधिवक्ता को कोरोना वायरस की आशंका में जिला अस्पताल ले गए। जहां उन्हें कोरोना वार्ड में भर्ती कर लिया गया। फिलहाल अधिवक्ता की हालत गंभीर बनी हुई है। उनका सैंपल लिया गया है।
इधर, उझानी स्वास्थ्य केंद्र के आइसोलेशन वार्ड में एक युवक को भर्ती कराया गया है। युवक एक दिन पहले अपनी ससुराल बिहार से लौटा था। उसे भी सर्दी, जुकाम और बुखार की शिकायत है। वहीं बिसौली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दिसौलीगंज में एक व्यक्ति के यहां दिल्ली से रिश्तेदार लौटा है। वह सर्दी जुकाम और बुखार से पीड़ित है। इस पर परिवार वालों ने उसे कोरोना संदिग्ध मानकर स्वास्थ्य विभाग को सूचना दे दी। इससे रविवार शाम गांव पहुंची टीम रिश्तेदार को स्वास्थ्य केंद्र ले गई।
हृदय रोगी को बता दिया कोरोना मरीज
कुंवरगांव। कुंवरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम औरंगाबाद में एक व्यक्ति हृदय रोग से पीड़ित है। रविवार दोपहर किसी ने स्वास्थ्य विभाग को सूचना दे दी कि गांव में एक व्यक्ति कोरोना वायरस का संदिग्ध है। इस पर टीम गांव पहुंच गई और मरीज को स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां प्राथमिक जांच में पता चला कि वह हृदय रोगी है।
पानीपत से लौटे ससुर-दामाद
बिनावर। थाना क्षेत्र के ग्राम विजय नगला निवासी एक व्यक्ति अपने दामाद के साथ पानीपत में नौकरी करता है। बताते हैं कि दोनों ससुर-दामाद शनिवार शाम पानीपत से लौटकर घर पहुंचे। दोनों को सर्दी जुकाम और बुखार बताया जा रहा है। परिवार वालों ने स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना दे दी है।