उझानी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में इसी साल से एक ही छत के नीचे मरीजों को खून समेत अन्य जांचें कराने की सुविधा मिलने लगेगी। इसके लिए उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण एवं श्रम विकास सहकारी संघ लिमिटेड (यूपीसीएलडीएफ) ने ब्लॉक प्रोग्राम हेल्थ यूनिट (बीपीएच) का निर्माण शुरू करवा दिया है।
बीपीएच यूनिट का निर्माण कार्य पिछले दिनों शुरू हुआ। निर्माण कार्य पर करीब 62 लाख रुपये खर्च होने हैं। इसके लिए धनराशि भी पिछले दिनों ही अवमुक्त हो गई। कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण एवं श्रम विकास सहकारी संघ के लिमिटेड के अवर अभियंता हरचरन सिंह राना के मुताबिक, बीपीएच यूनिट का भवन दो मंजिला बनना है। मरीजों को दूसरी मंजिल तक पहुंचने में कोई दिक्कत नहीं हो, इसके लिए रैंप का निर्माण भी किया जा रहा है। मुख्य कक्ष में भी मरीजों के अनुरूप सुविधाओं रहेंगी। लैब टेक्नीशियन को बैठने के लिए भी व्यवस्था होगी।
दरअसल, मरीजों को खून, टीबी, एचआईबी समेत अन्य जांच कराने के लिए अस्पताल के अलग- अलग कमरों में जाना पड़ता था। कुछ जांचें ऐसी भी हैं, जिन्हें कराने की स्थानीय स्तर पर सुविधा नहीं है, लेकिन यूनिट के निर्माण के बाद सभी जांचों की सुविधा एक ही भवन में शुरू हो जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अत्याधुनिक मशीनों को भी लगाया जाएगा। मरीजों को जिला मुख्यालय पर भी चक्कर नहीं काटने पड़ेेंगे।
-
भूमि चयन में देरी से एक साल लेट हो गई यूनिट
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बीपीएच यूनिट के निर्माण की कवायद करीब दो साल पहले शुरू हुई थी। विभागीय स्तर से स्वीकृति के बाद कार्यदायी संथा के अधिकारियों ने परिसर में ही भूमि के चयन को कार्रवाई शुरू की तो उन्हें पूरे परिसर में पर्याप्त रकबा में खाली भूमि नहीं मिली। इसके बाद बाद तीन बार पैमाइश हुई। हर बार ही भूमि का पेंच फंसता रहा। बाद में विभाग ने खंडहर भवन को ध्वस्त कराके कार्यदायी संस्था को भूमि उपलब्ध कराई, तब कहीं जाकर काम शुरू हो पाया है।
बीपीएच यूनिट का निर्माण होने के बाद मरीजों को खासकर खून समेत अन्य जांचें कराने के लिए इधर-उधर नहीं भटकना होगा। स्वास्थ्य कर्मियों को भी दिक्कत नहीं होगी। इस यूनिट में जांच कराने के लिए कछला, बरामयखेड़ा और शेखूपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से भी खून की जांच कराने के लिए मरीज आएंगे।- डॉ. सर्वेश कुमार, चिकित्साधीक्षक