उझानी में कोविड हॉल निर्माण को पैमाइश करते इंजीनियर। संवाद
- फोटो : BADAUN
उझानी (बदायूं)। नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के तहत सरकार ने जिले के आठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर अलग-अलग बेड की क्षमता के हॉल बनवाने का निर्णय लिया था। इसी के तहत यहां सीएचसी परिसर में रविवार को इसका निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया। यहां के कोविड हॉल में 20 बेड की सुविधा होगी।
स्थानीय सीएचसी पर रविवार को कार्यदायी संस्था के इंजीनियरों की टीम ने पैमाइश की। इससे पहले निर्माण सामग्री भी यहां पहुंचा दी गई। नोएडा की एक कंपनी के प्रोजेक्ट इंजीनियर मुकेश वर्मा ने बताया कि कोरोना संक्रमितों को भर्ती करने के लिए जो हॉल बनेगा, उसमें 20 बेड की क्षमता होगी। निर्माण पर करीब 26 लाख रुपये खर्च होगा। इसके अलावा जिले में फिलहाल सात अन्य सीएचसी पर अलग-अलग बेड संख्या वाले हॉल के निर्माण के लिए भी मंजूरी मिल चुकी है।
जिला अस्पताल में भी अलग से कोविड अस्पताल का कक्ष बनेगा। बता दें कि करीब दो साल पहले कोरोना ने पैर पसारे थे, तो जिलेभर के मरीजों को यहां सीएचसी पर लाकर भर्ती कराया गया था। इसके बाद बदायूं के आसरा आवासों को कोविड अस्पताल का रूप दे दिया गया था।
संक्रमण दर कम हुई तो योजना चढ़ी परवान
कोरोना संक्रमितों को उनके नगर-कस्बों के सरकारी अस्पतालों में भर्ती किए जाने और बेहतर चिकित्सकीय सुविधा मुहैया कराने के लिए हर सीएचसी पर अतिरिक्त कक्ष या फिर हॉल का निर्माण कराने का निर्णय लिया था। कोरोना संक्रमण चरम पर था, लेकिन उस समय एनएचएम की योजना परवान नहीं चढ़ पाई। अब निर्माण शुरू हो पा रहा है।
एनएचएम के तहत कोविड हॉल का निर्माण शुरू हो गया है। इसके बारे में डिटेल मिशन के अफसरों या फिर कार्यदायी संस्था के अफसरों को ही पता है लेकिन आने वाले दिनों में इसका फायदा मिलेगा। -डॉ. राजकुमार गंगवार, चिकित्साधीक्षक