एसएसपी डॉ. ब्रजेश सिंह
- फोटो : संवाद
बदायूं जिले में खनन माफिया से गठजोड़ और पुलिसकर्मियों के बीच मारपीट की घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एसएसपी ने गंभीरता दिखाते हुए चालक समेत चार सिपाहियों को निलंबित कर दिया, जबकि वजीरगंज थाना क्षेत्र की रहेड़िया चौकी पर तैनात एक दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
पहला मामला उसावां थाना क्षेत्र का है। यहां कुछ दिन पहले खनन माफिया और एक सिपाही के बीच बातचीत के दो ऑडियो वायरल हुए थे। मामले की जांच सीओ से कराई गई। उसमें दोषी पाए जाने पर सिपाही अशोक और चालक राजेश कुमार को निलंबित कर दिया गया।
दूसरा मामला दातागंज थाना क्षेत्र का है। वहां डायल 112 पर तैनात दो सिपाही शक्ति राठी और मनीष के बीच रविवार सुबह किसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट हो गई। इस घटना की जानकारी एसएसपी तक पहुंचते ही दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
वहीं वजीरगंज की रहेड़िया चौकी पर तैनात दरोगा रजत कुमार पर दिव्यांग व्यक्ति को थाने ले जाकर छोड़ने के नाम पर 10 हजार रुपये की वसूली का आरोप लगा। उन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया है। एसएसपी ने बताया कि पुलिसकर्मियों की अनुशासनहीनता और भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच में दोषी पाए जाने पर आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।