बदायूं। कुरखेड़ा से ललसी नगला मार्ग के बीच बहने वाली भैंसोर नदी पर लघु सेतु का निर्माण कराया जाएगा। करीब 2.80 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल के साथ अतिरिक्त पहुंच मार्ग भी विकसित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों की आने-जाने की सुविधा बेहतर हो जाएगी। पुल के बन जाने से बरसात के दिनों में संपर्क टूटने की समस्या भी खत्म हो जाएगी।
भैंसोर नदी पर स्थायी पुल न होने से बारिश के दौरान ग्रामीणों को लंबा चक्कर लगाकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ता है। कई बार जलस्तर बढ़ने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है, जिससे किसानों, छात्रों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीण इस मार्ग पर पुल निर्माण की मांग काफी समय से करते आ रहे हैं।
लोक निर्माण विभाग की प्रस्तावित योजना के तहत लघु सेतु के साथ दोनों ओर पहुंच मार्ग भी बनाए जाएंगे, ताकि वाहनों की आवाजाही सुरक्षित और निर्बाध बनी रहे। पुल बनने से कुरखेड़ा, ललसी नगला समेत आसपास के कई गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे ग्रामीणों के दैनिक आवागमन में भी सुविधा होगी। ग्रामीणों का कहना है कि पुल बनने से बरसात में होने वाली दिक्कतों से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंच भी आसान होगी।