कलक्ट्रेट परिसर में सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देते कांग्रेसी। स्रोत-संगठन
बदायूं। कादरचौक ब्लाॅक क्षेत्र के चार गांवों में 15 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। इससे किसानों की फसलें सूख रही हैं। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह के नेतृत्व में आए किसानों ने पर डीएम अवनीश कुमार राय के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश पाल सिंह को सौंपा। उन्होंने बिजली सप्लाई बहाल करवाए जाने की मांग की है।
कादरचौक ब्लाॅक क्षेत्र के गांव खिरिया वाकरपुर, डल्लू नगला, मल्लामई, अख्टामई गांव के किसानों ने कहा है कि आसपास क्षेत्र में 15 दिनों से बिजली सप्लाई ठप है। बिजली चालित नलकूप ही यहां सिंचाई का मुख्य साधन है। पानी न मिल पाने के कारण मक्का, मूंगफली, शिवाला आदि की फसलें सूख रही हैं। पूर्व जिलाध्यक्ष ने ज्ञापन देने के साथ उस क्षेत्र में सूख रही फसलों के वीडियो और फोटो भी दिखाए। उनका कहना था कि अगर उस क्षेत्र में बिजली सप्लाई चालू नहीं होती है तो किसानों की फसलें बर्बाद हो जाएंगी। उन्हें भारी आर्थिक नुकसान होगा। इस समस्या से क्षेत्र के सैकड़ों किसान परेशान हैं। ज्ञापन देने वालों में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष के साथ इन गांवों के मुकेश शाक्य, विजय शाक्य, विनोद कुमार, दानवीर, अमर सिंंह, कल्लू, ब्रजलाल, सुधाकर मुनेश, वीरपाल, चंदन आदि दर्जनों किसान शामिल रहे।