बिल्सी रोड बाजार की खस्ताहाल सड़क को लेकर इलाके के लोगों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नागरिकों की दिक्कत बयां करते हुए गुस्से का सरेबाजार इजहार कर दिया। कार्यकर्ताओं ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला फूंका।
कांग्रेस नेता परवेज अहमद की अगुवाई में कार्यकर्ता दोपहर में कुरैशियान पुलिया के पास इकट्ठे हुए। उन्होंने बिल्सी रोड बाजार की सड़क हालत खराब बताते हुए पीडब्ल्यूडी के अफसरों पर अनदेखी का आरोप लगाया। कहा कि कई साल से गड्डों में तब्दील हो चुकी सड़क की निर्माण कराने के लिए इलाके के लोग और दुकानदार कई बार अफसरों को ज्ञापन भी सौंप चुके हैं। इससे गुस्साए कार्यकर्ताओं ने पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन के खिलाफ नारेबाजी भी की। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने एक्सईएन का पुतला दहन कर दिया। जुलूस भी निकाला गया। कांग्रेस के जिला संगठन मंत्री प्रशांत तोष्नीवाल ने कहा कि जल्द ही सड़क निर्माण शुरू नहीं कराया गया तो पीडब्ल्यूडी के खिलाफ आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। बता दें कि इलाके के दुकानदारों ने पांच दिन पहले पूर्व राज्यमंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल के सामने भी दिक्कत बयां की थी। प्रदर्शनकारियों में नगर अध्यक्ष अरुण पाराशर, मुजाहिद रजा, अनीशा बेगम, भावना, अवधेश श्रीवास्तव, हरदयाल गौतम, गुड्डू, राहुल और पप्पू अंसारी आदि शामिल थे।