पुलिस कार से उतरते कांग्रेस जिलाध्यक्ष। स्रोत कांग्रेस
बदायूं। दातागंज क्षेत्र को बाढ़ मुक्त कराने की मांग को लेकर बुधवार को हजरतपुर पुल पर धरना देने जा रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव को पुलिस ने हर्रामपुर गांव से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पहले उन्हें हिरासत में लिया। फिर बदायूं के नेकपुर स्थित आवास पर लाकर नजरबंद कर दिया। गिरफ्तारी की खबर मिलते ही सैकड़ों कांग्रेसी और ग्रामीण हजरतपुर थाने पहुंच गए। भीड़ का आक्रोश देखते हुए पुलिस ने अजीत यादव को उनके घर भेजा।
कांग्रेस का पूर्व घोषित कार्यक्रम था कि हजरतपुर पुल पर धरना देकर दातागंज को बाढ़ मुक्त कराने, मानपुर से सिमरिया और रूपपुर से भाऊ नगला तक रामगंगा किनारे 30 किमी बांध तटबंध बनाने, जरतौली-चकवा-सिमरिया समेत कटान प्रभावित गांवों को बचाने और हजरतपुर मार्ग को जलभराव से मुक्त कराने की मांग उठाई जाएगी।
अजीत यादव ने कहा कि एसडीएम ने धारा 163 का हवाला देकर धरना देने से रोका। उन्होंने कहा कि पुलिस हिरासत से डरने वाले नहीं हैं। दस साल से भाजपा सरकार बाढ़ का स्थायी समाधान नहीं कर पाई। जब तक समाधान नहीं होगा संघर्ष जारी रहेगा। उनके साथ जिला सचिव मंजेश यादव, ओमवीर दद्दा सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।