बिसौली। नगर के कांशीराम कॉलोनी के आवास में रह रहे एक हलवाई ने गृहकलह के चलते फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह हलवाई का शव फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है। परिजनों ने उसकी पत्नी एवं ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
बिसौली नगर के कांशीराम कॉलोनी निवासी राकेश (28) पुत्र लालसहाय हलवाई का काम करके परिवार का पालन पोषण करते थे। परिजनों ने बताया कि राकेश की मां के नाम से कांशीराम कॉलोनी में आवास मिला था।
राकेश पत्नी नीतू और दो बेटियों के साथ रहते थे। सास-बहू के बीच घरेलू विवाद रहता था। राकेश के ससुराल पक्ष के लोग भी हस्तक्षेप करते । इसको लेकर वह काफी समय से परेशान चल रहा था। 15 दिन पहले राकेश की पत्नी चंदौसी स्थित मायके चली गई।
राकेश भी दस दिन पहले पत्नी के पास चला गया था। सोमवार को राकेश और उसकी पत्नी के बीच ससुराल में विवाद हो गया। इसके बाद राकेश वहां से आवास पर आ गया। रात में ही उसने पत्नी को कॉल करके कहा कि अंतिम बार उसे देखना है तो घर आ जा। इसके बाद देर रात किसी समय उसने घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
देर रात उसकी पत्नी घर पर पहुंची। यहां कमरे का दरवाजे अंदर से बंद था। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा तो अंदर राकेश का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर राकेश के परिवार के लोग भी मौके पर आ गए। राकेश के परिजनों ने उसकी पत्नी और ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमाॅर्टम कराया। पुलिस ने राकेश की पत्नी से पूछताछ की। बिसौली कोतवाल विशाल प्रताप सिंह ने बताया कि युवक ने आत्महत्या की है। प्राथमिक जांच में घरेलू विवाद सामने आया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।