बदायूं। स्वतंत्रता दिवस पर जीएफ कॉलेज, शाहजहांपुर की ओर से आयोजित रुहेलखंड विश्वविद्यालय स्तरीय आत्मनिर्भर युवा, आत्मनिर्भर भारत विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें बदायूं की अभिलाषा यादव ने पहला और रानी गुप्ता ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में रुहेलखंड विवि परिक्षेत्र के नौ जिलों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
भाषण प्रतियोगिता में पहला और दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली अभिलाषा यादव व रानी गुप्ता आवास विकास स्थित राजकीय महाविद्यालय की एनएसएस इकाई की छात्राएं हैं। मंगलवार को प्रतियोगिता परिणाम घोषित करते हुए शाहजहांपुर की जिला नोडल अधिकारी एनएसएस डॉ. शबाना साजिद ने बताया कि तीसरा स्थान शाहजहांपुर की काजल यादव और बिजनौर की याशिका विश्नोई ने संयुक्त रूप से प्राप्त किया। विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय की छात्राओं के परचम से कॉलेज में खुशी का माहौल है। नोडल अधिकारी डॉ. राकेश कुमार जायसवाल समेत कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रश्मि सक्सेना, प्रोफेसर सरला देवी चक्रवर्ती, डॉ. रवि भूषण पाठक, डॉ. प्रगति सक्सेना, डॉ. पंकज कुमार सिंह, डॉ. मनीषा भूषण, डॉ. अवनीश कुमार गुप्ता ने खुशी जाहिर की।