बिल्सी। विकास खंड अंबियापुर की ग्राम पंचायत हैदलपुर में ग्राम सभा की बैठक के दौरान ग्राम पंचायत अधिकारी के साथ अभद्रता और गाली-गलौज किए जाने का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत अधिकारी विकास कुमार ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के अनुसार, विकास कुमार दो अक्तूबर को उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पंचायत भवन हैदलपुर में ग्राम सभा की बैठक कराने पहुंचे थे। बैठक में ग्रामीण अपनी समस्याएं बता रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव की एक महिला बार-बार बैठक में व्यवधान उत्पन्न करने लगी। पंचायत अधिकारी ने उसे सरकारी कार्य में बाधा न डालने के लिए कई बार समझाया।
आरोप है कि महिला ने इसके बाद अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और देख लेने की धमकी दी। घटना के समय प्रधान पति सुभाष तोमर, पंचायत सहायक प्रमिला देवी, रोजगार सेवक मीना पाल समेत अन्य ग्रामीण मौजूद थे। घटना के दौरान डायल 112 पर भी सूचना दी गई थी। इधर, सीओ आलोक सिद्धू ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवाद