दहगवां। खेत में लगी ठीया बंदी उखाड़ने के बाद रोजगार सेवक के साथ मारपीट करने के मामले में छह लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर इनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना जरीफनगर क्षेत्र के ग्राम रफतपुर मोरु सुमाली निवासी जयवीर सिंह पुत्र होरीलाल रोजगार सेवक हैं। पुलिस को दिए प्रार्थनापत्र में कहा है कि उसने अपने खेत की ठीया बंदी कराई थी। बावजूद इसके गांव के ही चंद्रकेश पुत्र किशोरी, राहुल पुत्र राजाराम, हरविलास, प्रेम शंकर पुत्रगण मिश्री, सुरेंद्र पुत्र हरविलास, श्रीपाल पुत्र मनोहर ने तीसरी बार भी ठीया उखाड़ फेंके।
जब पीड़ित खेत पर पहुंचा तो सारे ठीया उखाड़े जा चुके थे। पीड़ित ने ठीया उखाड़ने के बारे में पूछा तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया। पीड़ित अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला। बाद में सोमवार को सुबह करीब 9:00 बजे वह अपने घर से तहसील समाधान दिवस में जा रहा था, तब भी इन लोगों ने उसको रोक लिया और उसके साथ मारपीट की। जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पीड़ित ने थाना पुलिस को छह लोगों के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया है। पुलिस ने इन छह लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। संवाद