बदायूं। जिले में पुलिस व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सीओ उझानी के कार्यालय निर्माण के लिए शासन स्तर से 96.28 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। लंबे समय से इसको लेकर आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे अब मंजूरी मिलने के बाद जल्द ही मूर्त रूप दिया जाएगा।
पुलिस अधिकारी का अलग से नया कार्यालय बनने से सीओ कार्यालय की कार्यप्रणाली अधिक व्यवस्थित और सुचारु होगी। वर्तमान में सीमित संसाधनों और स्थान की कमी के कारण कार्य संचालन में दिक्कतें आती थीं। नए भवन में आधुनिक सुविधाएं, अभिलेखों के सुरक्षित रख-रखाव की व्यवस्था और आमजन के लिए बेहतर बैठक कक्ष उपलब्ध कराया जाएगा।
इससे पुलिस-प्रशासन और जनता के बीच समन्वय भी मजबूत होगा। इसके अतिरिक्त पुलिस लाइन में इंटरलॉकिंग कार्य के लिए भी शासन की ओर से 189.44 लाख रुपये की धनराशि जारी की गई है। पुलिस लाइन परिसर में जलभराव और कच्चे मार्गों की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी। इंटरलॉकिंग होने से परिसर में आवागमन सुगम होगा और बारिश के मौसम में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।
यह कार्य पुलिस कर्मियों के दैनिक आवागमन और प्रशिक्षण गतिविधियों को भी सुचारु बनाएगा। शासन स्तर पर निर्माण कार्य के लिए उप्र पुलिस आवास विकास निगम को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। निगम की ओर से निर्माण कार्य की रूपरेखा तैयार कर जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इन विकास कार्यों से न केवल प्रशासनिक दक्षता बढ़ेगी, बल्कि पुलिस कर्मियों को भी बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलेंगी।