अब तक 13,000 किसानों को भेजे जा चुके हैं पत्र
कृषि विभाग की ओर से किसानों को भेजे जा रहे बाई पोस्ट
मुख्यमंत्री ने जिले के किसानों को अपने हस्ताक्षर वाला एक पत्र भेजा है, जिससे किसानों को यह अहसास हो सके कि मुख्यमंत्री के स्तर से उन लोगों के लिए बेहतर कार्य कराए जा रहे हैं। जिला स्तर पर किसानों को भेजे जाने के लिए 23,726 पत्र कृषि विभाग को आए हैं, जिन्हें अधिकारी किसानों को बाई पोस्ट भेजवा रहे हैं।
इन पत्रों पर किसानों के नाम पता होने के साथ मोबाइल नंबर भी अंकित किया गया है। ससे पत्र डिलीवर करने में परेशानी न हो। खास बात यह है कि इसकी मॉनीटरिंग मुख्यमंत्री कार्यालय से कराई जा रही है। रोजाना इस संबंध में पूछा जा रहा है कि कितने किसानों को पत्र भेजे गए हैं। कृषि उप निदेशक आरपी चौधरी ने बताया कि सोमवार तक 13 हजार के करीब पत्रों को भेजा जा चुका है। जल्द ही शेष पत्र भी भेज दिए जाएंगे।
सूबे में खोले जाएंगे एक हजार एग्री जंक्शन
बदायूं। मुख्यमंत्री द्वारा भेज गए पत्रों में किसानों को बताया गया है कि वर्ष 2015-16 को किसान वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसलिए किसानों के लिए तमाम योजनाओं को संचालित किया जा रहा है। इसके तहत प्रदेश भर में 1000 एग्री जंक्शन खोलने के साथ ही आलू, सब्जी, फूलों, मसालों की खेती के बारे में बताया जाएगा। साथ ही मशरूम उत्पादन, शहद एवं पान उत्पादन को भी प्रोत्साहित करने के लिए अनुदान की सुविधा दी जा रही है। कामधेनु, मिनी कामधेनु, कुक्कुट पालन और पोल्ट्री फार्म खोलने के अनुदान दिया जा रहा है।
किसानों को मिलेंगी जानकारियां
पत्र में बताया गया कि एग्री जंक्शन पर कृषि से संबंधित तमाम उपयोगी जानकारियां एक छत के नीचे मिलेंगी। इन पर कृषि से शिक्षा प्राप्त कर चुके बेरोजगारों को मौका दिया जा रहा है। इससे किसानों के हित साधने के साथ उन लोगों को भी रोजगार मिल जाएगा।