जरीफनगर (बदायूं)। खेत पर जाने को कहकर घर से निकले कक्षा छह के छात्र का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। परिवार के लोग हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल परिजनों ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है। उनका कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वह तहरीर पुलिस को देंगे।
जरीफनगर के गांव मोहम्मदपुर कूढ़ई के रहने वाले भजनलाल ने बताया की उनका 16 साल का बेटा दुर्वेश कक्षा छह का छात्र था। वह जरीफनगर के एक स्कूल में पढ़ता था। शनिवार की सुबह करीब आठ बजे वह खेत पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर शाम तक घर नहीं लौटा तो परिवार के लोग खेत पर पहुंच गए। पेड़ पर शव लटका देखा तो होश उड़ गए।
सूचना थाना पुलिस को दी गई, जिसपर थानाध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। शव को जिला मुख्यालय भेजा है। परिजनों का आरोप है की उसके बेटे की हत्या कर शव लटकाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों का रो-रोकर खराब हाल है।
-
तीन भाइयों में बीच का था छात्र
दुर्वेश तीन भाई व दो बहनें थे। वह तीनों भाइयों में बीच का था। जबकि दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है। परिजनों ने कहा कि पोस्टमाॅर्टम के बाद पुलिस को तहरीर दी जाएगी।
-
मोबाइल मिला बंद
पुलिस ने मौके से उसकी जेब से मोबाइल बरामद किया। देखा तो मोबाइल बंद मिला। पुलिस इस मोबाइल के माध्यम से भी मामले की जांच कर रही है। देखा जा रहा है कि उसकी सबसे बाद में किससे बात हुई है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।
-
कोट
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव पेड़ पर लटका मिला है। जांच व पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। थाना पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।- अशोक कुमार सिंह, सीओ सहसवान
दुर्वेश का फाइल फोटो।