दास कॉलेज के प्राचार्य से हाथापाई, कुर्सियां तोड़ीं
शहर के नेहरू मेमोरियल शिव नारायण दास डिग्री कॉलेज में गुरुवार की सुबह छात्रों ने जमकर बवाल किया। महाविद्यालय के पूर्व प्रवक्ता डा.रियाजउद्दीन सिद्दीकी के देहांत पर अवकाश घोषित न किए जाने से नाराज इन छात्रों ने प्राचार्य से हाथापाई की और कुर्सियां भी तोड़ डालीं। इस बीच कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर मुर्दाबाद के नारे लगाए गए। प्राचार्य के पक्ष में शिक्षकों के मोर्चा संभालने पर हंगामा शांत हो सका।
डॉ. रियाजउद्दीन सिद्दीकी दास डिग्री कॉलेज में समाजशास्त्र के प्रवक्ता के पद पर लगभग 40 वर्षों तक अपनी सेवाएं देने के बाद भी महाविद्यालय में अतिरिक्त कक्षाएं लेने आते रहते थे। बुधवार को डॉ. रियाजउद्दीन का देहांत हो गया है। कालेज के तमाम शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उनके आवास पहुंच कर संवेदना व्यक्त कीं लेकिन गुरुवार को उनके निधन पर कालेज में अवकाश नहीं किया गया। इससे कई छात्र प्राचार्य डा.जीएस रावत से अवकाश करने की मांग करने लगे। उन्होंने इंकार कर दिया तो छात्र भड़क गए और हंगामा करने लगे। इस बीच प्राचार्य हंगामा होते देख चले गए तो छात्रों ने तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। कई कुर्सियां तोड़ डालीं। माहौल को बिगड़ता देख डा. विक्रांत उपाध्याय और डा.शिवराज कुमार ने छात्रों का शांत कराने का प्रयास किया लेकिन छात्र अवकाश कराने पर अड़े हुए थे। काफी देर तक महाविद्यालय में हंगामा का माहौल बना रहा। चीफ प्राक्टर डा.संतोष कुमार ने पुलिस को फोन कर जानकारी दी और छात्रों को खदेड़ना शुरू कर दिया। गेट पर छात्रों ने प्राचार्य डा.जीएस रावत का पुतला फूंका और मुर्दाबाद के नारे लगाए।
डॉ. रियाजउद्दीन सिद्दीकी के निधन पर हमें भी दुख है। महाविद्यालय में परीक्षा चल रहीं हैं। ऐसे में अचानक अवकाश करना उचित नहीं लगा, लेकिन मैंने दोपहर 12 बजे अवकाश करने की बात कही थी लेकिन अचानक से आउट साइडरों के साथ मिलकर कुछ छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया।
-डा.जीएस रावत, प्राचार्य