कादरचौक। गांव कुरखेड़ा में छोटे बच्चों के आपसी झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि महिलाएं और पुरुषों के बीच लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ। करीब एक घंटे चली लड़ाई में आठ लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, वीरेंद्र पक्ष से कविता, जावित्री, जयंती प्रसाद, भगवान देवी और दूसरे पक्ष से भगवानदास पक्ष से कमला, चंद्रावती, मीरा और भगवान दास घायल हुए हैं। सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद दोनों पक्षों की तहरीर पर एक-दूसरे पर हमला करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। हिरासत में लिए लोगों से पूछताछ की जा रही है।
सीओ उझानी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि कादरचौक के गांव कुरखेड़ा में हुए विवाद में दोनों ओर से रिपोर्ट दर्ज कर प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है। जल्दी ही वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।