बदायूं। वजीरगंज थाना क्षेत्र के कस्बा बगरैन में सरकारी आम रास्ते पर अतिक्रमण को लेकर बुधवार रात दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बगरैन कस्बा निवासी युसुफ अंसारी ने पुलिस को बताया कि कस्बे के मैन रोड से उसके घर तक गली जाती है। उसमें बना नाला खुला हुआ है। नाले पर कस्बा निवासी महजर बुधवार रात अपनी दुकान लगा रहा था। दुकान लगाने से रास्ता बंद हो गया। दुकान लगाने से मना करने पर देर रात अरसद, अजर, महजर, मुनाजिर अपने हाथों में लाठी-डंडों लेकर आए और हमला कर दिया।
इस दौरान बचाने आए पिता यूनिस व मां राशिदा बेगम तथा भाई शोएब के साथ भी मारपीट की। मोहल्ले के लोग बचाने आए तो ललकारते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। उसके बाद आरोपी भाग गए। सरिया से मारपीट करने से काफी चोटें आई। सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित की ओर से मिली तहरीर के आधार पर चार लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।