पुलिस चौकी का शुभारंभ करते डीएम, एसएसपी। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। सालारपुर ब्लॉक में स्थित औद्योगिक क्षेत्र में व्यापारियों द्वारा असुरक्षा की भावना व्यक्त की जा रही थी। इसको लेकर उन्होंने डीएम के सामने इस बात को रखा था, जिस पर शुक्रवार को डीएम ने एसएसपी के साथ वहां पर पहुंचकर पुलिस चौकी का उद्घाटन किया, ताकि व्यापारियों कोई दिक्कत न हो। इसके अलावा उन्होंने सनविन टेक्सटाइल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में हो रहे कार्य का भी जायजा लिया।
डीएम कुमार प्रशांत ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र सालारपुर में पुलिस चौकी की कमी महसूस की जा रही थी। अब पुलिस चौकी स्थापित होने से कानून व्यवस्था में सुधार आएगा। एसएसपी संकल्प शर्मा ने पुलिस चौकी का संज्ञान लेते हुए तत्काल प्रभाव से फोर्स की भी तैनाती कर दी है, साथ ही डायल 112 को भी खड़े रहने के भी निर्देश दिए हैं। जिससे किसी भी प्रकार की घटना होने पर पुलिस बल तुरंत पहुंच सकेगा। इसके अलावा यहां के लिए एक अलग फीडर लगाने पर कार्रवाई की जा रही है, जिससे विद्युत की लो वोल्टेज व ट्रिपिंग जैसी समस्याओं से निजात मिल सकेगी। बैंक स्थापित करने के लिए जिला उद्योग केंद्र ने जगह का चिन्हांकन किया जा रहा है। जिसके बाद में बैंक स्थापित कर दिया जाएगा।
डीएम ने उपायुक्त उद्योग जैस्मिन को निर्देश दिए कि उझानी, सहसवान, बिसौली आदि छोटे यूनिट पर भी उद्योग बंधु की बैठकें आयोजित की जाएं। एसएसपी ने कहा कि औद्योगिक विकास के लिए कानून व्यवस्था का होना बहुत जरूरी है। सभी की मेहनत से यहां पुलिस चौकी प्रारंभ हो चुकी है। इसकी जिम्मेदारी अनूप सिंह को दी गई है। जनता की समस्याओं के समाधान को पुलिस हमेशा मुस्तैद है। अपराध से जुड़ी कोई भी बात हो तो इसकी जानकारी पुलिस को दें। बरेली संयुक्त आयुक्त उद्योग राजीव रंजन ने औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए जनपद के दोनों वरिष्ठ अधिकारियों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि एक जनपद एक उत्पाद योजना अंतर्गत जनपद जरी-जरदौजी के लिए चिह्नित है। इस मौके पर एलडीएम परमवीर सिंह, सीओ सिटी विनय कुमार द्विवेदी आदि मौजूद रहे।