दातागंज। तहसील क्षेत्र के गांव सिरसा में शुक्रवार को खनन विभाग की टीम ने निरीक्षण किया। इस संबंध में गांव के लोगों से बात की। नलकूप के उस बोरिंग को भी देखा जहां पानी के स्थान पर पेट्रोलियम जैसा पदार्थ निकला था। इधर, इस संबंध में खनिज विभाग को लिखा गया है। सोमवार तक खनिज विभाग की टीम के यहां पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि खनन निरीक्षक ने प्रथम दृष्टया इस मामले को संदिग्ध बताया है।
सिरसा गांव में जाहिदा का अरिल नदी के पास 25 बीघा का खेत है। जाहिदा के बेटे सोनू ने यहां बोरिंग कराया था। बोरिंग की नाप ली गई तो इसमें पानी के स्थान पर पेट्रोलियम जैसा पदार्थ निकला, जो ज्वलनशील था। सूचना पर पहुंचे एसडीएम कुंवर बहादुर सिंह ने भी पड़ताल की। इसके बाद यहां से सैंपल लिया गया।
इधर, शुक्रवार को खनन निरीक्षक नरेंद्र कुमार ने टीम के साथ गांव पहुंच कर निरीक्षण किया। कहा- खनिज विभाग के निरीक्षण और पड़ताल के बाद ही स्थिति पूरी तरह से साफ हो सकेगी। शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बरेली दौरे के मद्देनजर अधिकारी व्यस्त रहे। ऐसे में कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी। फिलहाल मौके पर यथा स्थिति के निर्देश दिए गए हैं। खनन निरीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया उन्हें मामला संदिग्ध लग रहा है। तेल कभी मेन फार्म में सीधे नहीं निकलता और न ही इतनी कम गहराई पर निकलता है। बाकी जांच को सैंपल भेजा गया है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।