बदायूं/दातागंज। दातागंज तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम कुमार प्रशांत और एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने लोगों की समस्याओं को सुना, साथ ही अधीनस्थों को गुणवत्ता पूर्वक शिकायतों के समाधान के निर्देश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 265 शिकायतें आयी, इनमें केवल 14 का ही मौके पर ही निस्तारण हो सका।
ग्राम डांडी परगना सलेमपुर निवासी विपेंद्र सिंह ने शिकायत की कि उसके पिता की एक साल पहले मृत्यु हो चुकी है। वह कई बार लेखपाल से विरासत दर्ज करवाने की गुहार लगा चुका है, लेकिन लेखपाल ने विरासत दर्ज नहीं की है। डीएम ने तहसीलदार को शीघ्र विरासत दर्ज कराने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत कैमी के प्रधान महीपाल ने शिकायत की कि ग्राम गढ़ी मलूकपुर में ग्राम समाज का तालाब दर्ज है। पिछले लगभग 20 वर्षां से कुछ लोगों ने दबंगई के बल पर कब्जा किया हुआ था। इस तालाब को छह माह पूर्व कब्जा मुक्त किया गया था, लेकिन दबंगों ने दोबारा अवैध कब्जा कर तालाब में गेहूं की बुवाई शुरू कर दी है। डीएम ने एसडीएम दातागंज व एसएचओ हजरतपुर को स्थलीय निरीक्षण कर अवैध अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा पूर्व में निस्तारित शिकायतों के शिकायतकर्ताओं से उसकी समस्याओं के समाधान के बारे में भी विस्तार से जाना। डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों की जांच कर उनको निस्तारित करें, जिससे शिकायतकर्ताओं को संपूर्ण समाधान दिवस का पूर्ण लाभ मिल सके।
बिल्सी। उपजिलाधिकारी संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस तहसील सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें 24 शिकायती पत्र प्राप्त हुए। इनमें से मौके पर तीन शिकायतों का निराकरण हो सका। इस मौके पर तहसीलदार अशोक कुमार सैनी, एसडीओ कुशमंद्र कुमार गंगवार, मोहम्मद अजहर अंसारी, दिनेश कुमार आदि मौजूद रहे।