बदायूं। तत्कालीन डीएम दिनेश कुमार सिंह का तबादला होने के बाद नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) संजय तिवारी अब कोई निर्णय लेने में वरिष्ठ अधिकारियों को भी अवगत कराना मुनासिब नहीं समझते। यही वजह रही कि उन्होंने बिना डीएम के संज्ञान में दिए शहर में पार्किंग ठेकों पर उगाही करने की अनुमति दे दी, जब इस बारे में मौजूदा डीएम से पूछा गया तो उन्होंने साफ कहा कि ईओ ने उन्हें बिना जानकारी दिए विज्ञप्ति जारी की है, जिसके बारे में पता चलने पर उन्होंने ईओ को मंगलवार को बुलाया है।
मंगलवार को शहर नगर पालिका के ईओ संजय तिवारी की ओर से एक विज्ञाप्ति जारी की गई। इसमें उन्होंने वित्तीय वर्ष 2019-20 में उठाए गए पार्किंग ठेकों (प्राइवेट बस स्टैंड, जीप-टेंपों व लोडिंग-अनलोडिंग) पर उगाही शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं। इसमें कहा कि ठेकेदार निकाय सीमा के अंतर्गत ठेके के शर्तों व नियमों के तहत वसूली करें, इससे पालिका को कोई आपत्ति नहीं है, जबकि तत्कालीन डीएम दिनेश कुमार सिंह की ओर से ठेकों के माध्यम से हो रही वसूली को बंद करने के निर्देश दिए गए थे। उनके जाने के कुछ समय बाद ही ईओ ने मौजूदा डीएम कुमार प्रशांत की बिना अनुमति लिए ही ठेको को दोबारा अपनी मर्जी से शुरू कर दिया। जब डीएम कुमार प्रशांत को इसकी जानकारी हुई, तो उन्होंने ईओ को मंगलवार को तलब किया है।
शहर में अवैध रूप से पार्किंग के नाम पर उगाही हो रही थी। इसकी जानकारी होने पर तत्कालीन डीएम दिनेश कुमार सिंह ने सभी जगहों पर मौखिक रूप से पार्किंग वसूली पर रोक लगा दी थी। इसका कोई लिखित आदेश नहीं मिला था। अब वह ही जानते होंगे कि उन्होंने क्यों रोक लगाई। इसलिए ठेके की समय सीमा रहते हुए उगाही के आदेश दिए हैं।
-संजय तिवारी, ईओ नगर पालिका
पार्किंग ठेकों के माध्यम से शहर में वसूली करने के लिए ईओ नगर पालिका की ओर से प्रेस विज्ञाप्ति जारी की गई है। इसके बारे में मुझे जानकारी नहीं दी गई। इस संबंध में ईओ को मंगलवार को बुलाया है, उसके बाद में ही कुछ कह सकूंगा।
-कुमार प्रशांत, डीएम