बदायूं। पुलिस परेड ग्राउंड में यातायात माह नवंबर-2019 का शुभारंभ किया गया। एनसीसी कैडेट के साथ स्कूली छात्र-छात्राओं ने शहर में जागरूकता रैली निकाली। इससे पूर्व परेड ग्राउंड में यातायात सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बच्चों को यातायात के नियमों का पालन करने एवं दूसरों को प्रेरित करने की शपथ भी दिलाई गई।
डीएम कुमार प्रशांत ने यातायात नियमों की जानकारी देते हुए अपनी जान को सुरक्षित रखकर सफर करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि दो पहिया वाहनों पर सुरक्षित सफर के लिए हेलमेट और चौपहिया के लिए सीट बेल्ट बेहद जरूरी है। एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी के कारण सड़कों पर प्रतिदिन होने वाले हादसों में जनहानि हो रही है। कुछ हादसों से हम बच सकते हैं, यदि हम नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित सफर के लिए जागरूक बनें। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों से आए छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात के नियमों के पालन करने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर यातायात सड़क सुरक्षा संबंधी जानकारी देने हेतु पोस्टर बैनर की प्रदर्शनी भी लगाई गई। कार्यक्रम के बाद छात्र-छात्राओं ने यातायात नियमों संबंधी स्लोगन लिखी तख्तियां एवं बैनर के साथ एक जागरूकता रैली निकाली। आरवी इंटर कॉलेज वजीरगंज की ओर से यातायात रैली निकाली गई। डायरेक्टर कुलदीप शर्मा, एसओ प्रदीप यादव, प्रदीप शर्मा, गौरव मिश्रा, देवेश शर्मा , राहुल शाक्य, रोहिताश, चंचल सिंह आदि मौजूद रहे।
बिल्सी। पुलिस प्रशासन की ओर से बाबा इंटरनेशनल स्कूल, एनए इंटर कॉलेज, महेश बाल इंटर कॉलेज एवं इस्लामिया इंटर कॉलेज के छात्रों ने लोगों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात के नियमों का पालन करने के बावत जागरूकता रैली निकाली। कोतवाल धर्मेन्द्र कुमार समेत बाबा स्कूल के डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय, प्रधानाचार्य रूपा माहेश्वरी, प्रशासक वीपी सिंह, रामवीर सिंह, दिनेश माथुर, आलोक सक्सेना, चंद्रकुमार, जेपी सिंह आदि मौजूद रहे।
सहसवान। कोतवाली पुलिस के नेतृत्व में बाइक सवारों ने यातायात माह के शुरू होने पर नगर में हेलमेट लगाकर रैली निकाली। कोतवाली से शुरू हुई रैली को सीओ रामकरन सरोज, कोतवाल हरेन्द्र सिंह ने झंडी दिखाकर रवाना किया।
उझानी। देवनागरी इंटर कॉलेज से जागरूकता रैली निकाली गई। छात्र-छात्राओं ने लोगों को बाइक पर हेलमेट लगाने और कार में सीट बेल्ट लगाकर ड्राइविंग करने का संदेश दिया। सीओ सवेंद्र सिंह और कोतवाल विनोद कुमार चाहर ने हेलमेट नहीं लगाने से होने वाली मौतों को लेकर भी चिंता जाहिर की। राममोहन शर्मा, संकेत शर्मा, एसएसआई रामऔतार सिंह शिवेंद्र भदौरिया आदि मौजूद थे।
फैजगंज बेहटा। थाना प्रभारी चेतराम वर्मा के नेतृत्व में कस्तूरबा स्कूल की छात्राओं ने रैली निकालकर यातायात सुरक्षा के लिए जागरूक किया। इस दौरान वार्डन मुदिता सिंह व समस्त स्टॉफ मौजूद था।
ओरछी। लाला गनेशी लाल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्रों ने यातायात जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से लोगों को वाहन चलाते समय सतर्कता बरतने के लिए प्रेरित किया।
मूसाझाग। मूसाझाग एसओ ललित भाटी ने वाहन चालकों को नई सड़क तिराहा के समीप यातायात का पाठ पढ़ाया। उन्होंने सड़क हादसे रोकने के लिए वाहन चालकों को यातायात के नियमों की जानकारी दी।