उझानी (बदायूं)। दिवाली वाले दिन गंगा के ढकनगला घाट पर नहाते समय लापता राजेशनाथ का तीसरे दिन भी सुराग नहीं लग पाया। साथ में मौजूद दोस्तों ने घाट तक पहुंचने की बात तो उसके घरवालों को बताई लेकिन इसके बाद वे चुप्पी साधे हुए हैं। पसोपेश के बीच घरवालों ने राजेश की तलाश में मंगलवार को भी अभियान चलाया। उधर, सोमवार को कछला घाट से गुम हुई आगरा निवासी राखी देर शाम घरवालों को मिल गई है।
आगरा में शांति बिहार इलाके की राखी (12) पुत्री सतीश चंद्र अपने परिजन के साथ सोमवार को गंगा स्नान के लिए पहुंची थी। घरवालों ने स्नान करने के बाद घाट पर धार्मिक अनुष्ठान कराया था लेकिन उसी दौरान राखी अपने परिजन से बिछड़ गई थी। घरवालों ने शाम तक खोजबीन भी कराई लेकिन देर शाम वह घाट पर ही मिल गई। उसे पाकर परिवार के लोगों के चेहरे पर रौनक लौट आई। बाद में वह उसे लेकर घर चले गए। इधर, गंगा के ढकनगला घाट पर रविवार सुबह में नहाते समय लापता कोतवाली क्षेत्र के गांव हरपालपुर निवासी राजेशनाथ (35) पुत्र भूपनाथ का मंगलवार को भी सुराग नहीं लग पाया। घरवालों ने करीब पांच किलोमीटर क्षेत्र में गंगा के रास्ते उसकी खोजबीन भी कराई है। इस बीच, लापता राजेशनाथ के साथ मौजूद उसके दो दोस्तों ने घरवालों की यह कहकर परेशानी बढ़ा दी है कि वे राजेश के साथ घाट तो गए लेकिन आगे के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। बता दें कि ढकनगला घाट पर ही राजेश के कपड़े और चप्पलें मिल चुकी हैं।