उझानी (बदायूं)। राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के तहत मंगलवार को कछला घाट पर पहुंची नमामि गंगे योजना की केंद्रीय एक्सपिडीशन टीम ने सफाई से लेकर घाट पर मौजूद व्यवस्थाओं को परखा। टीम के सदस्यों ने घाट पर मौजूद संत-महात्माओं, लोगों और समाजसेवियों से बात कर उन्हें स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया, कहा-प्रदूषण मुक्ति और घाटों की सफाई से ही गंगा की निर्मल धारा रहेगी। डीएम और एसएसपी समेत जिले के अफसरों ने टीम को जानकारियां भी दीं। देर शाम घाट पर आयोजित कार्यक्रम में टीम के विंग कमांडर परमवीर सिंह समेत अफसरों ने सफाई के प्रति सामूहिक जागरूकता पर जोर दिया।
बुलंदशहर जिले में नरौरा से मोटर बोट के जरिए गंगा एक्सपिडीशन दल के कार्यकारी निदेशक राजीव किशोर की अगुवाई में कछला घाट पर पहुंची गंगा अभियान-2019 की एक्सपिडीशन टीम ने सबसे पहले गंगाघाट पर व्यवस्थाओं को परखा। पुल के दोनों छोर पर सफाई व्यवस्था और घाटों की स्थिति को देखते हुए आगे बढ़े अफसरों ने स्वच्छता से जुड़े कई बिंदुओं पर जानकारी जुटाई। उन्होंने घाट पर मौजूद लोगों से संवाद भी किया। सुझाव भी मांगे गए। डीएम कुमार प्रशांत, एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी, सीडीओ निशा अनंत से भी नमामि गंगे योजना को लेकर टीम के सदस्यों ने जानकारी की। नगर पंचायत अध्यक्ष नरेश यादव और ईओ सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने टीम के सदस्यों को गंगाघाट की भौगोलिक स्थिति से अवगत कराया। गंगाघाट पर आयोजित कार्यक्रम में टीम के मुखिया परमवीर सिंह और स्क्वाड्रन लीडर दीप्ति बी कोरठी ने लोगों को गंगा सफाई के प्रति जागरूक किया। कहा कि गंगा और उसके आसपास इलाके में स्वच्छता को लेकर जो योजनाएं संचालित हैं, लोगों को उनके बारे में भी जानकारी होनी चाहिए। कोई भी कार्यक्रम, योजना और अभियान लोगों की सामूहिक पहल के बिना पूरा नहीं हो सकता। राष्ट्रीय वन्य जीव संस्थान देहरादून, एनडीआरएफ और राज्य गंगा मिशन के अफसर ने भी विचार रखे। टीम में इंडियन नेवी की ओर से विकेश कुमार, राजेश कुमार, देवेंद्र सिंह, अमरेंद्र वत्स और विकी टोकस आदि भी शामिल थे।
टीम के सदस्यों के सम्मान में छात्राओं ने पेश किए कार्यक्रम
राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के कार्यक्रम में राधेलाल इंटर कॉलेज समेत कई स्कूल की छात्राओं ने सांस्कृतिक पेशकश से मनमोह लिया। जागरूकता का संदेश देने वाले कार्यक्रम अहम रहे। गंगा अभियान से जुड़े प्रमुख व्यक्तियों और समाजसेवियों ने टीम के सदस्यों का स्वागत किया। रोटरी क्लब ऑफ उझानी क्लासिक के पदाधिकारियों में विवेक वार्ष्णेय, अरुण अग्रवाल और सुमित माहेश्वरी ने विंग कमांडर समेत टीम के सभी सदस्यों को बुके भेंट किए।
गंगाआरती से पहले घाट पर किया पौधरोपण
नमामि गंगे योजना की केंद्रीय टीम ने कछला घाट पर पौधरोपण करके लोगों को पर्यावरण की रक्षा का संदेश दिया। पौधे लगाने से होने वाले फायदे भी बताए गए। राजकीय इंटर कॉलेज बदायूं के छात्रों ने जागरूकता रैली निकाली। इसके बाद टीम के सदस्य गंगा आरती में शामिल हुए।