बदायूं/ अलापुर। डीएम दिनेश कुमार ने ब्लॉक म्याऊं के गांव पट्टी चंदी फाजिल में स्वच्छ भारत मिशन के तहत लोगों को स्वच्छता का पाठ पढ़ाया। उन्होंने लोगों को जागरूक किया कि वे अपने आसपास सफाई रखें, साथ ही दूसरे व्यक्ति को भी सफाई रखने के लिए प्रेरित करें। लोगों को पॉलिथीन का इस्तेमान न करने की भी सलाह दी गई। इसके साथ ही वहां पर निशुल्क कपड़े के थैले बांटे गए।
डीएम ने प्रधान संतोष को निर्देश दिए कि गांव में पॉलिथीन बीनकर ब्लॉक मुख्यालय पर बीडीओ को उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि सभी लोग संकल्प लें कि पॉलिथीन का प्रयोग नहीं करेंगे। आशा गांव में सभी लोगों को क्लोरीन की गोली देंगी। उन्होंने कहा कि बीमारी से बचने को सभी लोग पूरे कपड़े पहने और 20 लीटर पानी उबालकर एक क्लोरीन की गोली डालकर उसका प्रयोग करें। विभिन्न प्रकार की बीमारियां पानी से ही पनपती हैं, इसलिए जरूरी है कि पानी शुद्ध करके ही पियें। रात में सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें। डीएम ने प्राथमिक विद्यालय चंदी फाजिल में पॉलिथीन का प्रयोग न करने के लिए बच्चों को जागरूक किया। इस मौके पर बीडीओ ब्रहमपाल सिंह, राणा प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।
शौचालयों में लगाई जाएं सोलर लाइट: डीएम
म्याऊं (बदायूं)। गुरुवार को डीएम दिनेश कुमार सिंह ने ब्लॉक उसावां के गांव मरौरी और ब्लॉक म्याऊं में चल रहे सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि शौचालय के आसपास साफ सुथरा व समतल भूमि करके पार्क का निर्माण कराया जाए।
डीएम ने सभी शौचालयों में सोलर लाइट व सोलर आरओ भी लगवाने के लिए बीडीओ को निर्देश दिए। म्याऊं के व्यापारी महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि 50 फुट ऊंचाई के झंडे का पार्क में निर्माण उनकी ओर से कराया जाएगा। डीएम ने गांव मरौरी में स्वास्थ्य उपकेंद्र की रंगाई पुताई 27 अक्तूबर से पहले करने के निर्देश दिए। उन्होंने गोशाला में गोवंशों को हरा चारा खिलाया और स्वस्थ पशु देखकर खुशी व्यक्त की। गोशाला में पहले 42 गोवंश थे, इसमें से छह गोवंश गांव के लोगों ने ले लिए है, अभी 36 गोवंश है।